अन्य
    Tuesday, April 30, 2024
    अन्य

      पति के बाद पत्नी की भी मौत, झारखंड में तीसरी मौत, संक्रमितों की संख्या हुई 45

      प्रदेश में कोरोना वायरस से मौत का यह तीसरा और राजधानी रांची के मरीज का दूसरा मामला है। इससे पहले महिला के पति की भी मौत वायरस के संक्रमण से हो चुकी है

      एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क।  झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच वायरस के संक्रमण के तीसरे मरीज की मौत हो गई। मृत महिला की उम्र 54 साल है और वह रांची के हिन्दपीढ़ी मुहल्ला की रहने वाली थी। उनका इलाज रिम्स के कोविड-19 वार्ड में चल रहा था।

      रिम्स प्रबंधन ने मौत की पुष्टि कर दी है। रिम्स के डॉक्टर ने जानकारी दी है कि महिला की तबीयत सुबह 10.30 बजे  बिगड़ गयी थी, जिसके बाद उन्हें आइसीयू ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस बीच महिला ने दम तोड़ दिया।

      जिस महिला की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। वो हिंदपीढ़ी की रहनेवाली थी। इनके पति जो बाद में संक्रमित पाये गये थे, उनकी मौत पहले ही हो चुकी है।

      महिला का पूरा परिवार इस जानलेवा वायरस की जद में है। महिला के दोनों बेटों का इलाज रिम्स के कोविड-19 वार्ड में चल रहा है। वहीं महिला डायलिसिस की मरीज थी।

      उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक वायरल वीडियो में इस बात की शिकायत की गई थी कि रिम्स के कोविद वार्ड में भर्ती महिला के इलाज में लापरवाही बरती जा रही है।

      महिला किडनी की मरीज थी और उन्हें नियमित रुप से डायलिसिस की जरुरत थी। लेकिन रिम्स में डायलिसिस समय पर नहीं किये जाने का आरोप वायरल वीडियो में लगाया गया था।

      झारखंड में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ रहे हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 45 पहुंच चुका है। सोमवार को ही राज्य में चार मामले सामने आये थे। जिसमें एक रांची, एक बोकारो, एक हजारीबाग और एक देवघर से था। देवघर में कोरोना संक्रमण का ये पहला मामला है।

      वही मंगलवार को हुई मौत के बाद राज्य में कोरोना संक्रमण से मरनेवालों का आंकड़ा तीन हो गया है। जिसमें दो मौत (दंपती) रांची में हुई। वहीं बोकारो में एक 76 साल के बुजुर्ग की मौत हो चुकी है, ये राज्य में संक्रमण से पहली मौत थी।

      अब तक राज्य में पॉजिटिव पाये गये लोगों में 25 रांची, 10 बोकारो, 3 हजारीबाग, 1 गिरिडीह, 2 धनबाद, 1 कोडरमा, 1 देवघर व 2 सिमडेगा के हैं। सोमवार को रिम्स में 257 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आयी जिनमें तीन पॉजिटिव और बाकी की रिपोर्ट निगेटिव आयी है।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!