अन्य
    Friday, April 26, 2024
    अन्य

      यहां की दर्जन भर निर्भयाओं को कब मिलेगा इंसाफ ?

      दिल्ली की निर्भया के दोषियों को शुक्रवार की सुबह फांसी दे दी गई। उच्चतम न्यायालय के इस फैसले से रांची के लोगों का भी इंसाफ पर भरोसा बढ़ा है। वे अब पूछ रहे हैं कि झारखंड की निर्भयाओं को कब इंसाफ मिलेगा…”

      एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क। हालांकि झारखंड के कई निर्भयाओं को पहले भी न्याय मिला है। राजधानी रांची की निर्भया के दोषी राहुल कुमार को फांसी की सजा सुनाई गई है। इसके साथ कांके में लॉ छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म के शामिल 11 अभियुक्तों को जेल में मौत तक की सजा सुनाई गई है।

      JHARKHAND NIRBHAYA 2रांची में बलात्कार एवं हत्या के जुर्म में दो अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनाई गई है, जबकि दुमका कोर्ट ने छह साल की बच्ची की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में तीन दोषियों मिठू राय, पंकज मोहली एवं अशोक राय को फांसी की सजा सुनाई है।

      हालांकि 1986 से लेकर अब तक अलग-अलग 13 मामलों में 16 अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनायी गई है। इनमें से बरियातू अग्निकांड के आरोपी अजय पाल, तिहरे हत्याकांड के आरोपी नीतेश कुमार साहू, दुष्कर्म कर हत्या मामले के आरोपी राहुल कुमार एवं बच्ची का दुष्कर्म एवं हत्या मामले में मिठू, पंकज एवं अशोक की फांसी की सजा अब तक बरकरार है।

      बुंडू में 24 जनवरी 2020 को पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप में सुनवाई जारी है। पोक्सो कोर्ट ने सुनील मछुआ के खिलाफ आरोप तय कर दिया है। अदालत ने अभियोजन को गवाहों को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

      डोरंडा में अप्रैल 2013 में मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले की सुनवाई भी पोक्सो कोर्ट में होगी। घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा है। दोनों जेल में हैं।

      खेलगांव थाना क्षेत्र के खटंगा में एक बीमा एजेंट युवती से पांच युवकों ने 11 फरवरी 2020 को सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सुनवाई जारी है।

      जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की रहनेवाली नाबालिग को उसी का एक परिचित सौरव ने लिफ्ट देने के बहाने 4 जनवरी 2020 को बाइक में बैठा लिया। बाद में एक फ्लैट में ले जाकर पिस्तौल दिखाकर दुष्कर्म किया। मामला कोर्ट में है।

      खूंटी में बीते 17 जनवरी को दो नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। चार लड़कियों से छेड़छाड़ की गई। सभी मेला देखकर लौट रही थीं। रास्ते में घटना को अंजाम आरोपियों ने दिया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

      धनबाद के तोपचांची स्थित स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा से स्कूल के दो शिक्षकों ने दुष्कर्म किया था। घटना 9 सितंबर 2019 की है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!