“वर्ष 1997 में राजद के गठन के बाद जगदानंद सिंह छठे प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। पार्टी के पहले अध्यक्ष कमल पासवान थे। इसके बाद क्रमश: उदय नारायण चौधरी, पीतांबर पासवान, अब्दुल बारी सिद्दीकी और रामचंद्र पूर्वे प्रदेश अध्यक्ष बने…….”
एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क। राजद के छठे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह के नाम की औपचारिक घोषणा हुई।लालू-राबड़ी शासनकाल में पूरे 15 साल मंत्री रहे जगदानंद सिंह को पार्टी में लालू प्रसाद का करीबी माना जाता है।
राजद के राज्य परिषद की बैठक में राजद के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर निर्विरोध निर्वाचित किए जाने की घोषणा की गई। राजद के तरफ से राज्य निर्वाचन पदाधिकारी तनवीर हसन ने इसका औपचारिक एलान किया।
इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में उनके साथ तेजप्रताप यादव, रामचंद्र पूर्वे, अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
वहीं राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूद नहीं रहे। उनकी गैरमौजूदगी में जगदानंद सिंह को निर्वाचन का सर्टिफिकेट दिया गया।
इसके पहले पार्टी ने निवर्तमान अध्यक्ष रांमचंद्र पूर्वे को फिर से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने को कहा था। लेकिन, स्वास्थ्य आदि कारणों से उनके मना कर दिये जाने के बाद जगदानंद सिंह ने परचा दाखिल किया।
बता दें कि लालू परिवार के करीबी माने जाने वाले जगदानंद सिंह रामगढ़ से लंबे समय तक एमएलए, बक्सर से एक बार सांसद और राजद सरकार में जल मंत्री रह चुके हैं। जगदानंद सिंह की छवि एक ईमानदार के तौर पर होती है।