अन्य
    Friday, April 26, 2024
    अन्य

      राजगीर अनुमंडल-प्रखंडों में सीएम के सात निश्चय योजना पर अफसरों का टोटा

      नालंदा(रामबिलास)। गांवों के चहुमुखी और बहुमुखी विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसके लिए कई योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना उन सभी योजनाओं पर भारी है । इनमें  घर- घर शौचालय, हर घर नल, गली में नाली, पीसीसी गलिया, गांव- गांव में बिजली कनेक्शन प्रमुख है। इन्दिरा आवास, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन योजना  इसके  अलावे है। इन योजनाओं को समय से पुरा करना पदाधिकारियों के लिए चुनौती से कम नहीं है।  राजगीर के अनुमंडल  और  प्रखण्डो में पदाधिकारियों का टोटा है।

      यहां प्रखंड से लेकर अनुमंडल तक 19 पदाधिकारियों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके बावजूद सरकारी योजनाओं को समय सीमा के भीतर  पूरा करने के लिए यहाँ के पदाधिकारी जद्दोजहद कर रहे हैं। राजगीर अनुमंडल मुख्यालय में कार्यपालक दंडाधिकारी के एक पद  एक दशक से रिक्त है। इसी प्रकार करीब दो दशक से अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी,   स्थापना काल से ही  उप कोषागार पदाधिकारी, एक साल से अधिक समय से एडीएसओ और छह महीने से अधिक समय से अवर निबंधन पदाधिकारी का पद रिक्त है।

      गिरियक छोड़कर अनुमंडल के सभी प्रखंडों राजगीर,  सिलाव, बेन, कतरीसराय में प्रखंड पंचायत पदाधिकारी के पद लम्बे समय से  रिक्त हैं। कतरीसराय प्रखंड का हाल अजीबो गरीब है। वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी के  अलावा पदाधिकारियों के सभी पद रिक्त हैं। वहां  नाजीर , एक लिपिक,  एक आदेशपाल  और केवल दो पंचायत सचिव पदस्थापित है।

      मिली जानकारी के अनुसार सिलाव प्रखंड में प्रखंड पंचायत पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद रिक्त हैं। कतरीसराय प्रखंड में बीडीओ और सीओ  को छोड़ सभी पदाधिकारी के पद रिक्त हैं। जैसे प्रखंड पंचायत पदाधिकारी,  प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी , प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी,  प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी , प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी,  बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और  सर्किल इंस्पेक्टर के पद रिक्त हैं।  इनसे सभी रिक्त पदों को अतिरिक्त प्रभार देकर चलाया जा रहा है।

      जानकारी के अनुसार राजगीर के नगर कार्यपालक पदाधिकारी  मो मुज्जफर बुलंद अख्तर,  अवर निबंधन पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में हैं।  भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रभात रंजन, उप कोषागार पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में हैं। इसी प्रकार गिरियक के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विश्व विजय नारायण सिंह, राजगीर के एडीएसओ के अतिरिक्त प्रभार में हैं।  राजगीर के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार,  अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में हैं।  बीडीओ और सीओ को छोड़कर गिरियक प्रखंड के सभी पदाधिकारी कतरीसराय प्रखंड के अतिरिक्त प्रभार में हैं। राजगीर अनुमंडल में पदाधिकारियों का टोटा है। इसके बावजूद पदाधिकारियों को समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का दायित्व है।

      ऐसा देखा जाता है कि पदाधिकारी अपनी ही विभागीय कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने में परेशान रहते हैं।  ऐसे में अतिरिक्त प्रभार वाले पदाधिकारियों का कार्य समय सीमा के भीतर कैसे पूरा होता है। यह तो पदाधिकारी ही बता सकते हैं या मार्च के बाद पता लगेगा कि किन किन योजनाओं की राशिखर्च हो गई या सरेंडर हो गई।

      सर्किल इंस्पेक्टर के सभी पद रिक्त

      राजगीर अनुमंडल में कुल पांच प्रखंड है। सभी प्रखंडों में सर्किल इंस्पेक्टर के पद रिक्त है। इनके अलावा अनुमंडल में 45 राजस्व कर्मचारियों के पद सृजित हैं।  इनमें 30 राजस्व कर्मचारियों के पद रिक्त है।

      जानकारी के अनुसार राजगीर में सर्किल इंस्पेक्टर के दो पद हैं। दोनों पद रिक्त हैं।  इसी प्रकार बेन, सिलाव, कतरीसराय, गिरियक में भी सर्किल इन्स्पेक्टर के पद रिक्त हैं। राजगीर में नौ राजस्व कर्मचारियों के सृजित पद सृजित हैं। इसके  विरुद्ध 5 राजस्व कर्मचारी पदस्थापित हैं। इसी प्रकार बेन प्रखण्ड में 10 के विरुद्ध 3 राजस्व कर्मचारी हैं । सिलाव प्रखण्ड में 14 सृजित पद के खिलाफ मात्र 04 राजस्व कर्मचारी हैं। गिरियक में 10 सृजित पद के खिलाफ 04 और कतरीसराय में 05 के विरुद्ध 02 राजस्व कर्मचारी पदस्थापित हैं।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!