प्रशासनदेशफीचर्डबिहारभ्रष्टाचार

नवादा का फैसला बना आईनाः 33 साल बाद बूढ़े हुए ‘साहब’ तो मिली जेल की सजा !

“नवादा में 1991 के एक मामले में 33 साल बाद फैसला आया है। महज 300 रुपये की रिश्वत लेने वाले जूनियर इंजीनियर को कोर्ट ने जेल और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह उन लोगों के लिए सबक है जो भ्रष्टाचार को ‘छोटा’ समझते हैं…

नवादा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। भ्रष्टाचार की रकम भले ही छोटी क्यों न हो, उसका असर और परिणाम कितना बड़ा हो सकता है। इसका सटीक उदाहरण नवादा से सामने आया है। महज 300 रुपये की रिश्वत ने एक सरकारी अभियंता को 33 साल बाद जेल की सलाखों तक पहुंचा दिया। यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की सजा नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की गति, जवाबदेही और भ्रष्टाचार की जड़ों पर गहरा सवाल खड़ा करता है।

निगरानी न्यायालय पटना के न्यायाधीश मो. रुस्तम ने वर्ष 1991 के चर्चित निगरानी कांड संख्या 32/1991 में कनीय विद्युत अभियंता सुदामा राय को एक वर्ष के सश्रम कारावास और कुल 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।

कैसे हुआ था घूसकांड का पर्दाफाशः यह मामला 14 अगस्त 1991 का है, जब गुनावां निवासी विजय मिस्त्री ने शिकायत की थी कि उनकी लेथ मशीन के लिए बिजली कनेक्शन देने के बदले 500 रुपये की मांग की जा रही है। काफी मिन्नतों के बाद सौदा 300 रुपये में तय हुआ।

निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और अभियंता को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उस समय यह एक सामान्य ट्रैप केस था, लेकिन इसकी सुनवाई ने तीन दशक का लंबा सफर तय किया।

33 साल बाद आया फैसला, न्याय या देरी का प्रतीक? इस फैसले ने एक ओर जहां यह स्पष्ट कर दिया कि भ्रष्टाचार की कोई भी राशि छोटी नहीं होती, वहीं दूसरी ओर न्यायिक प्रक्रिया की धीमी रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर 300 रुपये के मामले में फैसला आने में 33 साल लग जाते हैं तो यह न्याय से ज्यादा विलंबित न्याय (Delayed Justice) की श्रेणी में आता है। इतनी लंबी अवधि पीड़ित के लिए मानसिक, सामाजिक और आर्थिक बोझ बन जाती है।

नवादा में भ्रष्टाचार की गहराईः नवादा में भ्रष्टाचार कोई नया मुद्दा नहीं है। वर्ष 2013 से 2025 के बीच कई सरकारी पदाधिकारी राजस्व कर्मचारी, थानाध्यक्ष, सीओ और बीइओ रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं।

सबसे चर्चित मामला वर्ष 2016 का रहा, जब तत्कालीन एडीएम महर्षि राम चार लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए थे। यह दर्शाता है कि सिस्टम में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं और छोटे से लेकर बड़े स्तर तक फैली हुई हैं।

सरकारी निर्देश बनाम जमीनी हकीकतः हाल ही में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को 15 अप्रैल तक दागी कर्मियों की बर्खास्तगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।

लेकिन सवाल यह है कि इन निर्देशों का जमीनी असर कितना हुआ? नवादा में अब तक कितने दागी कर्मचारियों पर ठोस कार्रवाई हुई, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

बड़ा संदेश, बड़ा सवालः इस फैसले से एक स्पष्ट संदेश जरूर गया है कि रिश्वत की राशि छोटी हो या बड़ी, कानून के दायरे से कोई बच नहीं सकता। लेकिन इससे भी बड़ा सवाल यह है कि क्या 33 साल बाद मिला न्याय वास्तव में प्रभावी न्याय है?

जब तक भ्रष्टाचार के मामलों में स्पीडी ट्रायल नहीं होगा, तब तक न तो सिस्टम में डर पैदा होगा और न ही आम जनता का भरोसा पूरी तरह मजबूत हो पाएगा।

बहरहाल 300 रुपये की घूस का यह मामला अब सिर्फ एक केस नहीं रहा, बल्कि यह न्यायिक व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक बन चुका है।

यह फैसला चेतावनी भी है और सवाल भी कि क्या हम भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सिर्फ फैसलों का इंतजार करेंगे या सिस्टम को तेज और जवाबदेह बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे?

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button