झारखंडदेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगराजनीति

होमगार्ड अभ्यर्थियों को लेकर देवेंद्र नाथ महतो ने किया डीसी कार्यालय का घंटों घेरा

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। JKLM नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में शनिवार को रांची जिला होमगार्ड अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में हो रही देरी के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय का घंटों घेराव किया।

आंदोलन के दौरान प्रशासन और अभ्यर्थियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, जिसके बाद उपायुक्त ने जून माह के अंत तक रिजल्ट प्रकाशित करने का आश्वासन दिया।

शनिवार सुबह से ही मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थियों का जुटान शुरू हो गया था। अभ्यर्थियों ने पहले बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद पदयात्रा शुरू की गई।

पदयात्रा मोरहाबादी मैदान से रेडियम रोड और कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय भवन तक पहुंची। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सड़क पर उतरने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की।

समाहरणालय पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य द्वार पर लगभग चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक उपायुक्त से सीधी वार्ता नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे।

आखिरकार देर शाम मंजूनाथ भजंत्री के साथ पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व देवेंद्र नाथ महतो कर रहे थे।

वार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि फिजिकल परीक्षा के मास्टर चार्ट में कथित छेड़छाड़ को लेकर कुछ लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच चल रही है। इसके अलावा शहरी टेक्निकल पद के कुछ अभ्यर्थियों के स्थानीय प्रमाण पत्रों को लेकर भी शिकायतें मिली हैं, जिसके लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है।

उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि सभी जांच प्रक्रियाओं को जून माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा और उसके बाद पारदर्शी तरीके से रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीर बताते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

आंदोलन में आरसी फिजिकल अकैडमी, कमांडो डिफेंस एकेडमी, वर्दी मेरा जुनून कोचिंग और झारखंड फिजिकल अकैडमी के संचालकों समेत सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल हुए।

गौरतलब है कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी द्वारा नियुक्ति विज्ञापन संख्या-01/2025 के तहत कुल 1614 होमगार्ड पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके तहत 13 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी।

हालांकि परीक्षा समाप्त हुए पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। राज्य के अन्य जिलों में मास्टर चार्ट जारी हो चुका है, लेकिन रांची में परिणाम लंबित रहने के कारण अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।

उपायुक्त से वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में देवेंद्र नाथ महतो, अरशद अली, छठवर्ती कुमारी, अनिल कुमार, फरजान अंसारी और नीरजदेव महतो शामिल थे।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button