पटना जदयू कार्यालय में 30 टन बालू से उभरी विकास की तस्वीर, सैंड आर्टिस्ट ने नीतीश कुमार की उकेरी 10 फीट ऊंची प्रतिमा
सुशासन दिवस पर पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 12 घंटे की मेहनत से तैयार की अनूठी रेत कलाकृति; नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और संजय झा ने पीठ थपथपाकर की सराहना।

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। सुशासन दिवस के अवसर पर राजधानी पटना जदयू कार्यालय (Patna Jdu Office ) परिसर में एक अनूठी कलाकृति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 30 टन बालू की मदद से राज्यसभा सांसद एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची और 20 फीट लंबी विशाल रेत प्रतिमा तैयार की है। 12 घंटे के कठिन परिश्रम से बनी इस कलाकृति पर ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ और ‘नीतीश कुमार बिहार के विकास पुरुष’ संदेश उकेरा गया है।
नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने थपथपाई पीठः सुशासन दिवस समारोह के उद्घाटन के लिए जदयू कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार ने परिसर में प्रवेश करते ही सबसे पहले इस रेत कलाकृति का अवलोकन किया। रेत पर उकेरी गई अपनी तस्वीर और विकास योजनाओं के चित्रों को देखकर वे काफी प्रसन्न दिखे।
उन्होंने सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की पीठ थपथपाते हुए कहा, “आप बिहार में हर जगह हमारे विकास कार्यों को बालू पर उकेरकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। इसके लिए आपको बहुत-बहुत बधाई।”
इस अवसर पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी कलाकृति को देखा। अपने पिता की बालू से निर्मित विशाल प्रतिमा देखकर वे अभिभूत नजर आए और मधुरेंद्र से हाथ मिलाकर व पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी हाथों से इशारा करते हुए नीतीश कुमार को कलाकृति की बारीकियों से अवगत कराया और कलाकार की जमकर प्रशंसा की।
बिहार के नक्शे में दिखी योजनाओं की झलकः सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने इस 20 फीट लंबी कलाकृति को जीवंत बनाने के लिए चटकदार रंगों का उपयोग करते हुए बिहार का मानचित्र तैयार किया है। इस मानचित्र के भीतर राज्य की प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं को दर्शाया गया है। जिनमें बेहतर सड़क संपर्क, बिजली व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं व छात्राओं के लिए महत्वाकांक्षी साइकिल योजना, हर घर नल-जल योजना और डिजिटल बिहार शामिल है।
मीडिया से बात करते हुए मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस कलाकृति को आकार देने में उन्हें लगभग 12 घंटे का समय लगा और इसमें 30 टन बालू का उपयोग किया गया है। उनका उद्देश्य कला के माध्यम से राज्य के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश सीधे आम जनता तक पहुंचाना है।
जदयू कार्यालय परिसर में स्थापित यह विशाल सैंड आर्ट इन दिनों पार्टी कार्यकर्ताओं और आम आगंतुकों के बीच चर्चा व सेल्फी का मुख्य केंद्र बनी हुई है।



