आवागमनदेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगबिहार

भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगी में लगी भीषण आग

पटना/सासाराम (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के रोहतास जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन सोमवार की सुबह करीब 6:45 बजे पटना के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान अचानक कोच के अंदर से जलने की तेज बदबू आने लगी। देखते ही देखते बोगी धुएं से भर गई और फिर आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के समय कोच में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे।

आग लगते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग अपना बैग और सामान छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे। कुछ देर के लिए स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के जवान, रेल अधिकारी और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

रेलवे सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। डीडीयू रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया है।

हालांकि इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button