सम्राट राजः गया-पटना रेलखंड पर बेला और चाकंद स्टेशन के बीच चेन पुलिंग कर युवती से गैंगरेप
पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। गया-पटना रेलखंड पर बेला और चाकंद स्टेशन के बीच बेलागंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहानाबाद जिले की रहने वाली पीड़िता पैसेंजर ट्रेन से बेलागंज स्थित अपने ननिहाल जा रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने साजिश के तहत ट्रेन की चेन पुलिंग कर उसे बीच रास्ते में रोक दिया। ट्रेन रुकते ही चार युवकों ने युवती को जबरन नीचे उतार लिया और उसे घसीटते हुए रेलवे ट्रैक के किनारे एक सुनसान जगह पर ले गए। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता के बयान पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान संदेह के आधार पर करीब 10 युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर रेल सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- अब गांव-गांव में समस्याएं होगी छू मंतर, सरकार का बड़ा ऐलान, होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान
- Race for Development : युवाओं के योगदान से वंचित बिहार, जानें कारण और समाधान?









