अन्य
    Monday, April 29, 2024
    अन्य

      बांका पहुंची सृजन महाघोटाला,83.10 करोड़ की निकासी, मामला दर्ज, बैंक मैनेजर गिरफ्तार

      बांका (INR)। सृजन महाघोटाला की तेज आंच अब बांका जिले में भी लग चुकी है। इस मामले में जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई को बांका जिले से 83।10 करोड़ रुपये की निकासी का पता चला है।

      हालांकि यह जानकारी जांच के प्रारंभिक चरण में उजागर हुई है। बांका जिले में सृजन घोटाले की राशि इससे कहीं ज्यादा होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। जांच जारी है जिससे बांका जिले के विभिन्न संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक महकमे में खलबली मची है। अधिकारियों के हाथ पांव फूल रहे हैं।

      इस सिलसिले में बांका में भी एक मामला दर्ज किया गया है। घोटाले से जुड़े होने के आरोप में सहकारिता बैंक की शाखा के प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया जा चुका है।

      ज्ञात हो कि बांका में सहकारिता बैंक के प्रबंधक को जांच एजेंसी के अधिकारियों ने गत शनिवार को गिरफ्तार किया था। प्रबंधक की गिरफ्तारी सहकारिता बैंक की बांका शाखा से बेहद खुफिया अंदाज में की गई। महज कुछ पलों की कार्रवाई के दौरान सहकारिता बैंक की बांका शाखा के प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता को जांच अधिकारी गिरफ्तार कर अपने साथ भागलपुर ले गए।

      जानकार सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान विजय कुमार गुप्ता ने सृजन घोटाले से जुड़े बांका जिले के तार को लेकर कई सनसनीखेज रहस्योद्घाटन किए हैं।

      जानकार सूत्रों का यह भी कहना है कि इस घपले में बांका जिले के कई और अधिकारी तथा व्यापारी एवं NGO संचालक कार्रवाई की जद में आने वाले हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारी इन संदिग्ध अधिकारियों और लोगों की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखे हुए हैं।

      इस बीच बांका जिले में भू-अर्जन विभाग द्वारा वर्ष 2009 से 13 के दौरान 83।10 करोड़ रुपये सरकारी राशि के अवैध हस्तांतरण के आरोप में सोमवार को बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

      प्राथमिकी में तत्कालीन भू-अर्जन पदाधिकारी जयश्री ठाकुर के अलावा इंडियन बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्कालीन शाखा प्रबंधकों तथा सृजन संस्था के कतिपय पदाधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। (बांका लाइव)

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!