SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हैकर्स की एंट्री! कंप्यूटर खुद दे रहा था जवाब, ऐसे खुला खेल!
रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 (SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा) में हाईटेक तरीके से की जा रही धांधली का बड़ा खुलासा राजधानी रांची में हुआ है। पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में परीक्षा के दौरान ऐसा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के दौरान पाया गया कि परीक्षार्थी सिर्फ कंप्यूटर के सामने बैठे थे, जबकि उनके सिस्टम को बाहर से रिमोट एक्सेस के जरिए कंट्रोल किया जा रहा था और प्रश्न अपने आप हल हो रहे थे। मामले का खुलासा होते ही परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पंडरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोडरमा निवासी आर्यन कुमार, हजारीबाग के राहुल कुमार, गुमला के रवि रंजन कुजूर, मधुबनी निवासी ऋषिकेश कुमार यादव, पटना के राजकुमार और अरवल की अनु कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस अब उन साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है, जो परीक्षा केंद्र से बाहर बैठकर सिस्टम हैक कर रहे थे।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि नौ मई को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पंडरा स्थित द फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर के लैब-01 में कुछ कंप्यूटरों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तकनीकी जांच में यह सामने आया कि परीक्षार्थियों के कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस के जरिए ऑपरेट किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 167/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट और परीक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि परीक्षा पास कराने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से 13 लाख रुपये की डील तय हुई थी। एडवांस के तौर पर दो-दो लाख रुपये पहले ही वसूले जा चुके थे, जबकि बाकी रकम चयन होने के बाद देने की बात थी।
रांची पुलिस ने परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट, आईटी हेड और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित साइबर रैकेट कई राज्यों में सक्रिय हो सकता है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह कंप्यूटर, एक सीपीयू, दो सी-डैक बॉक्स, दो फायरवॉल, एयरटेल और जियो के राउटर, दो सीसीटीवी डीवीआर, पांच मोबाइल फोन, एक टैबलेट और अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जब्त किए हैं।
मामले की जांच में सीआईडी की साइबर सेल और केंद्रीय गृह मंत्रालय की एजेंसी आई4सी की भी मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हाईटेक परीक्षा माफिया के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जाएगा।
- JPSC परीक्षा में भारी गड़बड़ी: गवर्नर का बड़ा एक्शन, जांच के आदेश
- BPSC Big Decision: परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए BPSC का मास्टरस्ट्रोक









