
कोडरमा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। जिंदगी में कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें केवल सफलता की कहानी कहना उनके संघर्ष और संवेदनाओं के साथ न्याय नहीं होगा। ये कहानियां बताती हैं कि अभावों में जन्मा व्यक्ति भी अपने हौसले, मेहनत और मानवीय संवेदनाओं के बल पर समाज में बदलाव की एक नई इबारत लिख सकता है। झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच निवासी अधिवक्ता एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता ओंकार विश्वकर्मा की जिंदगी ऐसी ही एक प्रेरणादायक संघर्षगाथा है।
जिस बच्चे ने आठ वर्ष की उम्र में परिवार को बिखरते देखा, मां की बीमारी के बीच दो दिनों तक भूखा रहा, पढ़ाई के लिए गैरेज और क्रशर में मजदूरी की, जिसकी दादी ने 90 दिनों तक घास काटकर बेचने के बाद 500 रुपये में पुरानी साइकिल खरीदी, वही बच्चा आज समाज के उन लोगों की आवाज बनने का प्रयास कर रहा है, जिनकी पीड़ा अक्सर व्यवस्था के सामने अनसुनी रह जाती है।
26 नवंबर 2026 को फरीदाबाद में आयोजित REX Karmaveer Global Fellowship एवं Karmaveer Chakra Award समारोह में ओंकार विश्वकर्मा को Karmaveer Chakra Award से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके वर्षों के सामाजिक संघर्ष, मानवाधिकार संरक्षण और वंचित समुदायों के लिए किए गए कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
लेकिन ओंकार इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानते। उनका कहना है कि यह सम्मान उन सभी पीड़ितों का है, जिनकी संवेदना और पीड़ा ने उन्हें अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत दी। वे कहते हैं कि वे केवल उन लोगों की आवाज को समाज और व्यवस्था तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं, जिनके पास अपनी बात कहने के लिए संसाधन और अवसर नहीं हैं।
बचपन से ही संघर्षों ने घेर लिया था जीवनः ओंकार विश्वकर्मा का प्रारंभिक जीवन बेहद अभावों में गुजरा। उनके पिता हरेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने तीन वर्ष की उम्र में उनका दाखिला डोमचांच के सरस्वती ज्ञान मंदिर में कराया था। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण विद्यालय की फीस देना मुश्किल हो गया और महज दो वर्षों के भीतर उन्हें विद्यालय छोड़ना पड़ा। इसके बाद मध्य विद्यालय डोमचांच से उन्होंने आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी की।
वर्ष 1998 में, जब ओंकार लगभग आठ वर्ष के थे, उनकी मां को अल्सर की बीमारी हो गई। इसी दौरान उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली। परिवार में विवाद बढ़ने लगे और अंततः उनके पिता घर छोड़कर चले गए। इस घटना ने एक छोटे बच्चे का बचपन छीन लिया। घर में बीमार मां, बुजुर्ग दादी और एक मासूम बच्चा रह गए। पिता के घर छोड़ने के दौरान घर में रखा अनाज और अन्य जरूरी सामान भी साथ चला गया। स्थिति इतनी खराब हो गई कि ओंकार, उनकी मां और दादी को दो दिनों तक भूखे रहना पड़ा।
कभी पड़ोसियों से अनाज मिलता तो कभी ननिहाल से सहायता पहुंचती, तभी घर में चूल्हा जल पाता था। परिवार का खर्च चलाने के लिए उनकी मां को मायके में कागज के ठोंगे बनाने का काम सीखना पड़ा। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने और किताबें होनी चाहिए थीं, उस उम्र में ओंकार को आसपास के गैरेज में मजदूरी करनी पड़ी।
शमशेर मिस्त्री ने मजहब से ऊपर उठकर निभाया भाई का रिश्ताः गैरेज में मजदूरी करने के दौरान ओंकार की मुलाकात शमशेर मिस्त्री से हुई। शमशेर उन्हें अपने छोटे भाई से भी बढ़कर मानते थे। उनकी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद करते और हमेशा पढ़ाई जारी रखने की सलाह देते थे। वे समझाते थे कि जिंदगी में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत रास्ता शिक्षा है। शमशेर के इस व्यवहार ने ओंकार के जीवन पर गहरा प्रभाव डाला। अलग-अलग धार्मिक पहचान के बावजूद उनके बीच जो रिश्ता बना, उसने ओंकार को यह सिखाया कि इंसानियत किसी जाति या मजहब की मोहताज नहीं होती। आगे चलकर यही सोच उनके सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार बनी।
दादी ने 90 दिन घास काटकर खरीदी थी 500 रुपये की साइकिलआर्थिक तंगी के बीच ओंकार ने किसी तरह आठवीं कक्षा पूरी की और हाई स्कूल में नामांकन कराने पहुंचे। लेकिन उनके पास नामांकन के पैसे तक नहीं थे। ऐसे समय में उनके एक मित्र के दादा, जो पेशे से शिक्षक थे, ने निशुल्क नामांकन करवाने में मदद की।स्कूल जाने में भी उन्हें काफी परेशानी होती थी। उनकी दादी से पोते की यह कठिनाई देखी नहीं गई। उन्होंने लगभग 90 दिनों तक घास काटी और उसे बेचकर 500 रुपये इकट्ठा किए। इन्हीं पैसों से ओंकार के लिए एक पुरानी साइकिल खरीदी गई।
यह साइकिल उनके लिए केवल स्कूल जाने का साधन नहीं थी, बल्कि दादी के त्याग, मेहनत और विश्वास की अमूल्य निशानी थी। किताबें खरीदने के लिए पैसे नहीं जुटा पाने के कारण उनकी मां उन्हें हरिद्वार ले गईं। वहां उन्हें निशुल्क शिक्षा मिलने की उम्मीद में छोड़ दिया गया। उन्होंने वहां कर्मकांड, संगीत, पूजा-पाठ और जड़ी-बूटियों से स्वास्थ्य सुधार संबंधी पारंपरिक ज्ञान का अध्ययन किया। लेकिन लगभग तीन महीने बाद घर की याद और परिस्थितियों के कारण वे वापस लौट आए। घर लौटने के लिए उन्होंने बिना टिकट यात्रा भी की।
दसवीं में असफलता, फिर क्रशर में मजदूरी और पढ़ाई का संघर्षः घर लौटकर ओंकार ने दोबारा पढ़ाई शुरू की। गैरेज में काम करते हुए दसवीं की परीक्षा दी, लेकिन पहली बार असफल रहे। इसके बाद उन्होंने इलाके के विभिन्न क्रशर में लगभग दो वर्षों तक मिस्त्री के रूप में मजदूरी की।इस दौरान काम कराने वाले मालिकों की ओर से कई महीनों तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मेहनत करने के बावजूद अपने हक से वंचित रहने का अनुभव भी उन्होंने स्वयं किया। बाद में मिली मजदूरी के पैसों से उन्होंने डोमचांच कॉलेज में नामांकन कराया। पढ़ाई के साथ निजी ट्यूशन पढ़ाने लगे। कुछ बच्चों से फीस मिलती थी और कुछ बच्चों को निशुल्क पढ़ाते थे। आखिरकार वर्ष 2010 में उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
जिस बच्चे के पास कभी स्कूल की फीस नहीं थी, उसने शिक्षा को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा हथियार बना लिया।2008 में संग्राम संगठन की स्थापना, गरीब बच्चों की शिक्षा को बनाया उद्देश्यसमाज की समस्याओं को करीब से देखने के बाद ओंकार ने महसूस किया कि गरीबी और अशिक्षा के कारण हजारों बच्चे अपने अधिकारों और अवसरों से वंचित हैं। इसी सोच के साथ वर्ष 2008 में उन्होंने संग्राम नामक सामाजिक संगठन का गठन कियासंगठन के माध्यम से दलित बस्तियों के बच्चों और बच्चियों को शिक्षा से जोड़ने तथा किशोरी क्लबों के माध्यम से किशोरियों को सशक्त बनाने का प्रयास शुरू किया गया।ओंकार स्वयं बच्चों को पढ़ाते थे। किसी से फीस मिलती तो ठीक, नहीं मिलती तो भी पढ़ाना जारी रखते थे। उनके लिए शिक्षा केवल रोजगार पाने का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का माध्यम थी।
2010 में युवा शक्ति को गांव की समस्याओं से जोड़ने की पहलः वर्ष 2010 में ओंकार ने नेहरू युवा केंद्र से जुड़कर राष्ट्रीय युवा कोर के रूप में कार्य किया। उन्होंने डोमचांच प्रखंड में लगभग 20 युवा समूहों का गठन किया और युवाओं को गांव की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित किया।इस पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया और उनकी संस्था संग्रा2011 से बिरहोर समुदाय के लिए शुरू हुआ संघर्ष आज भी जारी ओंकार विश्वकर्मा के सामाजिक जीवन का सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण अध्याय वर्ष 2011 में शुरू हुआ, जब वे मानवाधिकार जन निगरानी समिति, वाराणसी से जुड़े। मानवाधिकार के क्षेत्र में कार्य करते हुए उनका संपर्क झारखंड के बिरहोर समुदाय से हुआ। बिरहोर झारखंड के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों में शामिल हैं, जिनके सामने आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा की गंभीर चुनौतियां हैं।
डोमचांच प्रखंड मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर मसनोडीह पंचायत के जिओरायडीह गांव में बिरहोर समुदाय के 29 परिवार रहते थे।जब ओंकार ने वहां की स्थिति देखी तो वे भीतर तक व्यथित हो गए। कई परिवारों के सामने भोजन का संकट था। जंगल में कुछ मिल गया तो खा लिया, अन्यथा भूखे रहना पड़ता था। हालात इतने खराब थे कि कई बार लोग मूली के पत्तों को उबालकर भूख मिटाने का प्रयास करते थे।गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था, बच्चे कुपोषण से प्रभावित थे और परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा था।
ओंकार ने इस स्थिति को केवल गरीबी नहीं, बल्कि अधिकारों और अवसरों से वंचित रहने की समस्या के रूप में देखा। उन्होंने तय किया कि इन परिवारों की आवाज प्रशासन तक पहुंचानी होगी।
ग्रामसभा के माध्यम से बदलाव की पहलः संग्राम संस्था के माध्यम से गांव की समस्याओं से पंचायत के मुखिया को अवगत कराया गया। इसके बाद नवंबर 2016 में ग्रामसभा आयोजित कर गांव की समस्याओं को चिह्नित किया गया।प्रशासन, संबंधित विभागों और संस्थाओं के सहयोग से कई महत्वपूर्ण पहल हुईं।लगभग 90 बिरहोर व्यक्तियों के बैंक खाते BOI फुलवरिया के माध्यम से शिविर लगाकर खोले गए। गांव के चेकडैम में लगभग 20 किलोग्राम मछली के बीज डलवाए गए। बिरहोर परिवारों ने पहली बार खेती कर लगभग 90 किलोग्राम मक्का और अरहर का उत्पादन किया। गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, कुपोषित बच्चों का इलाज कराने, सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था स्थापित करने, आधार कार्ड बनवाने और परिवारों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।
इन प्रयासों ने यह साबित किया कि यदि समुदाय, प्रशासन और सामाजिक संगठन मिलकर काम करें तो सबसे वंचित परिवारों के जीवन में भी बदलाव लाया जा सकता है।ओंकार के लिए बिरहोर समुदाय का संघर्ष किसी एक गांव या एक परियोजना तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2011 से शुरू हुआ यह जुड़ाव उनके सामाजिक जीवन की निरंतर जिम्मेदारी बना हुआ है।
जाति और धर्म से ऊपर उठकर सद्भावना का संदेशः सामाजिक न्याय के साथ-साथ ओंकार ने समाज में सद्भाव और एकता को भी अपने कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया।वर्ष 2014 में 14 फरवरी को उन्होंने नव दलित आंदोलन के समर्थन में ‘हिंसा रोको, प्यार बांटो युवा मार्च’ का आयोजन किया।इस कार्यक्रम का उद्देश्य जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश देना था। ‘जातिवाद हो बर्बाद’ और ‘प्रेम से कहो हम इंसान हैं’ जैसे नारों के माध्यम से सामाजिक एकता की आवाज बुलंद की गई।उनकी सोच रही है कि समाज का विकास तभी संभव है, जब इंसान को उसकी जाति या धर्म से नहीं, बल्कि उसकी मानवता और अधिकारों से पहचाना जाए।
मानवाधिकार की लड़ाई में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारीः मानवाधिकार जन निगरानी समिति से जुड़ने के बाद ओंकार को राज्य संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में भी कार्य किया।उन्होंने झारखंड के विभिन्न जिलों में मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं पर पहल की। पुलिस प्रताड़ना, दलितों और आदिवासियों के अधिकार, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, बाल अधिकार तथा पीड़ित परिवारों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर काम किया।उनका प्रयास केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पीड़ितों को न्याय, प्रशासनिक हस्तक्षेप, मुआवजा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी पैरवी करते रहे।
उनके प्रयासों से कोडरमा में बाल विवाह के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की पहल हुई। मानवाधिकार से जुड़े विभिन्न मामलों में लगभग छह लाख रुपये तक मुआवजा भुगतान कराने के प्रयास किए गए। घरेलू हिंसा के मामलों में काउंसिलिंग के माध्यम से आठ परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया गया।
उनका मानना है कि मानवाधिकार केवल कानून की किताबों में लिखे शब्द नहीं हैं। यह उस मां की उम्मीद है, जो अपने बच्चे के लिए न्याय चाहती है। उस मजदूर की मेहनत है, जिसे अपनी मजदूरी चाहिए और उस आदिवासी परिवार का अधिकार है, जिसे भोजन और सम्मान के साथ जीना है।
अधिवक्ता के रूप में न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्यः सामाजिक कार्यों के दौरान ओंकार ने महसूस किया कि गरीब और कमजोर लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या केवल अन्याय नहीं, बल्कि न्याय तक पहुंच की कमी भी है। कई लोगों को कानून की जानकारी नहीं होती, कई लोग आर्थिक कमजोरी के कारण कानूनी सहायता नहीं ले पाते और कई परिवार सरकारी कार्यालयों की प्रक्रियाओं को समझ नहीं पाते।
इसी सोच के साथ उन्होंने कानून की शिक्षा प्राप्त की और एलएलबी के बाद अधिवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई।आज वे अधिवक्ता एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता के रूप में आम लोगों, पीड़ित परिवारों और वंचित समुदायों को कानूनी तथा प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि कानून का लाभ केवल प्रभावशाली और संपन्न लोगों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित हो।
सामाजिक योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचानः ओंकार विश्वकर्मा के सामाजिक कार्यों को समय-समय पर विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया गया।
झारखंड नागरिक अवार्ड, 2016: समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें झारखंड नागरिक अवार्ड से सम्मानित किया गया।
भारत रत्न चिदंबरम सुब्रमण्यम अवार्ड: बिरहोर समुदाय के उत्थान, आजीविका, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए नेशनल फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा उनका चयन किया गया। 15 मार्च 2017 को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।इस सम्मान के एक वर्ष बाद आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्र मानवाधिकार पत्रकार मालिनी सुब्रमण्यम के हाथों उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने सामाजिक कार्यों, बाल अधिकारों और मानवाधिकार संरक्षण से जुड़ी उपलब्धियों को साझा किया। REX Karmaveer Chakra Award, 2026: वर्षों से मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय और वंचित समुदायों के लिए किए गए प्रयासों को एक और राष्ट्रीय पहचान मिली। 26 नवंबर 2026 को फरीदाबाद में आयोजित REX Karmaveer Global Fellowship एवं Karmaveer Chakra Award समारोह में उन्हें Karmaveer Chakra Award से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति बढ़ी हुई जिम्मेदारी का प्रतीक है।
यह सम्मान मेरा नहीं, उन पीड़ितों का है जिनकी संवेदना ने मुझे लड़ना सिखायाः REX Karmaveer Chakra Award प्राप्त करने के बाद ओंकार विश्वकर्मा का कहना है कि जब भी उन्हें कोई सम्मान मिलता है, उनके सामने पुरस्कार से ज्यादा उन लोगों के चेहरे आते हैं, जिनके लिए उन्होंने संघर्ष किया है। वे कहते हैं, “मैंने अपने बचपन में भूख देखी है, गरीबी देखी है, परिवार के बिखरने का दर्द झेला है और शिक्षा के लिए संघर्ष किया है। शायद इसी कारण जब किसी गरीब, असहाय या पीड़ित व्यक्ति को देखता हूं तो उसमें मुझे अपना बीता हुआ कल दिखाई देता है।”
वे आगे कहते हैं, “मेरे नाम पर मिलने वाला हर सम्मान वास्तव में उन पीड़ितों का सम्मान है, जिनकी संवेदनाओं ने मुझे अन्याय के खिलाफ खड़े होने की ताकत दी। यह सम्मान उन बिरहोर परिवारों का है, जिनकी आंखों में मैंने भूख और बेबसी देखी। यह उन महिलाओं का है, जिन्होंने हिंसा के खिलाफ आवाज उठाई। यह उन बच्चों का है, जिन्हें शिक्षा और सुरक्षा की जरूरत है। यह उन मजदूरों का है, जिन्हें अपनी मेहनत का अधिकार चाहिए और उन तमाम मानवाधिकार पीड़ितों का है, जो आज भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। मैं केवल उनकी आवाज को समाज और व्यवस्था तक पहुंचाने का एक माध्यम हूं।”
उनका कहना है कि पुरस्कार मिलने से संघर्ष समाप्त नहीं होता, बल्कि जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन नहीं मिलता, तब तक उनकी कोशिश जारी रहेगी।
एक ऐसी कहानी, जो युवाओं को हार न मानने की प्रेरणा देती हैः ओंकार विश्वकर्मा की जिंदगी उन युवाओं के लिए एक उदाहरण है, जो गरीबी, असफलता और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ने के बारे में सोचते हैं।जिस व्यक्ति ने कभी फीस के अभाव में विद्यालय छोड़ा, मजदूरी की, दसवीं की परीक्षा में असफलता झेली और जीवन की कठिन परिस्थितियों से गुजरते हुए अपनी शिक्षा पूरी की, उसने आगे चलकर समाज के सबसे कमजोर लोगों के अधिकारों को अपना जीवन उद्देश्य बना लिया।
उनकी जिंदगी बताती है कि परिस्थितियां इंसान की शुरुआत तय कर सकती हैं, लेकिन उसका भविष्य उसके हौसले, मेहनत और संकल्प से तय होता है। उनके लिए वास्तविक सफलता केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि किसी पीड़ित परिवार के जीवन में उम्मीद जगाना, किसी गरीब बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और किसी असहाय व्यक्ति को न्याय की राह दिखाना है। आज डोमचांच से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले ओंकार विश्वकर्मा की यात्रा जारी है।
वे अधिवक्ता और मानवाधिकार कार्यकर्ता के रूप में सामाजिक न्याय, बिरहोर समुदाय के अधिकार, बाल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और आम लोगों तक न्याय की पहुंच बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा संदेश है कि इंसान की पहचान इस बात से नहीं होती कि उसने अपने लिए कितना हासिल किया, बल्कि इस बात से होती है कि उसने दूसरों के जीवन में कितनी उम्मीद जगाई।
ओंकार विश्वकर्मा के शब्दों में, “मैं सम्मानित जरूर हुआ हूं, लेकिन मेरा संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। यह सम्मान मेरा नहीं, उन सभी पीड़ितों का है, जिनकी पीड़ा ने मेरी संवेदना को जगाया और जिनके न्याय की उम्मीद ने मुझे कभी रुकने नहीं दिया।” संघर्ष से निकला एक नाम, मानवता के लिए समर्पित एक जीवन और न्याय की उम्मीद में खड़े लोगों की आवाज बना।



