टोटो सवार पत्नी पर पति ने बरसाईं गोलियां, ग्रामीणों की पिटाई से आरोपी की मौत
शेखपुरा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। शेखपुरा जिले के कैंथवा गांव के समीप गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति ने टोटो सवार पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस सनसनीखेज घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि टोटो पर सवार एक सात वर्षीय बच्चा भी जख्मी हो गया। उधर फायरिंग कर रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना कैंथवा रेलवे क्रॉसिंग के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर गांव निवासी प्रदीप ठाकुर का अपनी पत्नी प्रमिला देवी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह प्रमिला देवी टोटो से अपने बहन के घर कैंथवा गांव जा रही थी। इसी दौरान आरोपी पति पहले से घात लगाकर बैठा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही टोटो कैंथवा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, प्रदीप ठाकुर ने पत्नी की हत्या की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में प्रमिला देवी के जबड़े और गर्दन में दो-दो गोलियां जा लगीं। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले शेखपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना में टोटो पर सवार कैंथवा गांव निवासी रंजीत कुमार का सात वर्षीय पुत्र रवीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गया। उसका इलाज शेखपुरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने भीड़ पर भी फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि इस दौरान किसी ग्रामीण के हताहत होने की सूचना नहीं है। बाद में ग्रामीणों ने आरोपी प्रदीप ठाकुर को दबोच लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बलीराम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की जाएगी। साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए कैंथवा गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।









