पूर्व सीएम रघुवर दास पर सरयु राय का पलटवार- ‘…तो सूद सहित वापिस करूंगा’

0
433

जमशेदपुर (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)।  जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री सरयू राय ने भाजपा नेता प्रकाश यादव की हत्या की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है।  साथ ही भाजपा नेता पर आदिवासी जमीन की खरीद बिक्री मामले का केस लड़ने का आरोप लगाया है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को सरयू राय ने नसीहत देते हुए कहा कि अभी 6 महीने ही हुए हैं सत्ता से दूर हुए, थोड़ा संयम बरतें।

उन्होंने अपने पार्टी के नेता का हत्याकांड में नाम आने का बचाव करते हुए कहा कि जो अधिवक्ता खुद आदिवासियों के जमीन के खरीद बिक्री मामले का केस लड़ रहा था, वह पाक-साफ कैसे हो सकता है।

सरयू राय ने भाजपा नेताओं को संयम से शीर्ष नेतृत्व को सलाह देने की नसीहत दी है।

गौरतलब है कि बिरसा नगर में बीती रात अपराधियों ने भाजपा नेता सह अधिवक्ता प्रकाश यादव की निर्मम हत्या कर दी थी। जिसके बाद परिवार वालों ने बिरसा नगर मंडल भारतीय जन मोर्चा अध्यक्ष अमूल्या कर्मकार, गौतम घोष सहित अन्य लोगों का नाम पुलिस के समक्ष बताया था, जिन्हें पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

इधर आज मृतक के परिवारवालों को सहानुभूति देने पहुंचे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरकार के साथ सीधे तौर पर स्थानीय विधायक सह राज्य के पूर्व मंत्री सरयू राय पर हमला बोला था।

रघुवर दास ने सरयू राय पर चुनाव में दुष्प्रचार कर जीतने का भी आरोप लगाया था।

इधर खुद पर लगे आरोपों के बाद सरयू राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मुख्यमंत्री को सख्त संदेश देते हुए कहा कि उन पर आरोप लगाएंगे तो सूद सहित वापिस करूंगा। किसी पर आरोप लगाने से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सरयू राय ने पूर्व मुख्यमंत्री पर मामले पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्होंने 25 साल तक कानून को ताक पर रखकर क्षेत्र में दहशत फैलाने का काम किया। आज वो किस मुंह से दूसरों के दामन पर दाग लगा रहे हैं।

वैसे उन्होंने मीडिया के समक्ष खुलकर भड़ास निकाली है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर जमीन के माफियागिरी का आरोप लगाया है।

सुनिए वीडियोः क्या कहते हैं जमशेदपुर पूर्वी के विधायक-पूर्व मंत्री सरयु राय…