“यहां बड़े-बड़े अधिकारी तक हमारी आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज लहराने के क्रम में अनिवार्य नियम के पालन करते नहीं दिखे। कईयों की लापरवाही साफ दिख रही है….”
नालंदा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बीते कल समूचे देश की तरह नालंदा जिले के चप्पे-चप्पे में गणतंत्र दिवस का उत्साह-समारोह दिखा। हालांकि एक्सपर्ट मीडिया न्यूज नेटवर्क के पास वहां से झंडातोलन की कई ऐसी तस्वीरें आई है, जो इस मोबाईल सेल्फी के दौर में काफी बिचलित करने वाले हैं।
इसी बीच एक हैरान कर देने वाली सूचना बिहार थाना क्षेत्र से आई। यहां दरगाह नगर पुलिस चौकी पर तिरंगा नही फहराया गया। जबकि यहां सशस्त्र बल समेत दो पुलिस जमादार बासुदेव यादव और इस्लाम खाँ पदास्थापित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दरगाह नगर पुलिस चौकी में झंडातोलन नहीं होने की बाबत वहां पदास्थापित जमादार से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें झंडातोलन का कोई सरकारी फंड नहीं मिलता है। अपनी जेब से झंडा फहराएंगे?
इस संबंध में बिहार थाना सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर ही कुछ बता सकते हैं। हो सकता है कि पहले भी वहां झंडा नहीं फहराया जाता हो। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि झंडातोलन के लिए सरकारी फंड की बात किया जाना बिल्कुल गलत है। ऐसा नहीं कहा जाना चाहिए।
उधर, नालंदा सदर डीएसपी इमरान परवेज ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। पता लगाते हैं कि क्या बात है।
इसी बीच संपर्क होने पर जमादार इस्लाम खान ने बताया कि उनका तबादला एक माह पूर्व जहानाबाद हो गया है। वे पहले तीन साल से दरगाह नगर पुलिस चौकी पर तिरंगा फहराते रहे हैं। इस बार झंडातोलन नहीं हुआ है तो ये तो सर्किल इंस्पेक्टर ही बता सकते हैं। यह तो उनकी ही जबाबदेही है।
खान ने यह भी बताया कि उनकी जानकारी में वहां अभी कोई तैनात नहीं है। एक जमादार हैं भी तो वे पुलिस लाइन में तैनात कर दिए गए हैं। आगे वे क्या बता सकते हैं।
हालांकि आश्वस्त सूत्रों के अनुसार जमादार इस्लाम खान कल दरगाह नगर पुलिस चौकी में देखे गए थे और आज सुबह उसी थाना में एक अन्य पुलिस जमादार, जिनकी तैनाती पुलिस लाइन में बताई गई, वे आराम से बैठकर सीढ़ी पर ही स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखाते हुए ब्रस-कुल्ला करते देखे गए।