अन्य
    Thursday, May 2, 2024
    अन्य

      कड़िया मुंडा समेत इन 4 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार

      एक्सपर्ट मीडिया न्यूज। भारत सरकार ने झारखंड की चार हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है। सादगी के साथ जन सेवा में जुटे खूंटी के सांसद कडि़या मुंडा को पद्म भूषण, स्वास्थ्य के क्षेत्र में नि:स्वार्थ भाव से सेवा कर अपने जीवन को समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाली जमुना टुडू और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले बुलु इमाम को पद्मश्री दिया जाएगा।

      इसके साथ ही टाटा स्पो‌र्ट्स की खेल अधिकारी बछेंद्री पाल को भी पद्म भूषण दिया जाएगा। वह लंबे समय से झारखंड में खेल के क्षेत्र में सक्रिय हैं। बुलु इमाम हजारीबाग, एसपी मुखर्जी रांची और जमुना टुडू जमशेदपुर की हैं।

      सादगी का दूसरा नाम हैं कडि़या मुंडा

      खूंटी सांसद कडि़या मुंडा की राजनीति व समाजसेवा के क्षेत्र में अमिट पहचान है। ईमानदारी व सादगी की मिसाल कडि़या मुंडा आठ बार खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद रह चुके हैं। अनाथों और गरीबों के लिए वह दिन रात काम करते हैं। बेहतर इलाज की इच्छा लेकर उनके द्वार पहुंचने वाला निराश होकर नहीं लौटता।

      पांच रुपये में इलाज करते हैं डॉ. एसपी मुखर्जी

      रांची के लालपुर में करीब पांच दशकों से इलाज करने वाले डॉ. एसपी मुखर्जी गरीबों के मसीहा के रूप में जाने जाते हैं। आज भी वह इलाज के लिए महज पांच रुपये ही लेते हैं। जिन मरीजों के पास पैसे नहीं होते उन्हें वह मुफ्त में दवा भी देते हैं। कौन बनेगा करोड़पति में डॉ. मुखर्जी पर डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जा चुकी है।

      बुलु इमाम ने सोहराय-कोहबर कला को दुनिया में फैलाया

      बहुआयामी प्रतिभा के मालिक हजारीबाग के पर्यावरणविद बुलु इमाम ने हाल के दिनों में सोहराय व कोहबर कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। सोहराय कला को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह 50 से अधिक प्रदर्शनी लगा चुके हैं। 76 वर्षीय बुलु को अंतरराष्ट्रीय गांधी शांति पुरस्कार भी मिल चुका है।

      लेडी टार्जन हैं जमुना टूडु

      पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया प्रखंड की जमुना टूडु को पर्यावरण संरक्षण व महिला सशक्तीकरण के लिए बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई है। वह लेडी टार्जन के नाम से जानी जाती हैं। रोज सुबह वह अपनी चार-छह साथियों के साथ जंगल बचाने निकल जाती हैं। हाथ में पानी की बोतल और टांगी होती है। किसी ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया तो उसकी खैर नहीं।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!