देशबिग ब्रेकिंगराजनीति

रांची हिंसा की सामने आई चौंकाने वाली जांच रिपोर्ट, डीसी-एसएसपी ने बताई सच्‍चाई

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज नेटवर्क)। रांची में जुमे की नमाज के बाद भड़की हिंसा, उपद्रव, पत्थरबाजी, बवाल और गोलीबारी की घटना मे दो लोगों की मौत के मामले में उपायुक्त छवि रंजन व एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है।

रिपोर्ट में इस बात का जिक्र है कि अचानक जुमे की नमाज के बाद दस हजार से अधिक संख्या में सड़क पर उतरी अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की गई प्रशासनिक कार्रवाई में दो लोगों की जान चली गई।

रिपोर्ट में यह बताया गया है कि प्रशासन को बिना सूचना दिए, बिना किसी अनुमति के एक विशेष समुदाय के लोगों ने भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा के खिलाफ में विरोध रैली निकाली। प्रशासन को इतनी बड़ी भीड़ जुटने का अनुमान नहीं था।

अचानक निकली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस पहुंची और एहतियाती कदम उठाए गए। सीमित संख्या में मौजूद पुलिस पदाधिकारी, कर्मियों ने भीड़ को रोकने की कोशिश की तो भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। गोलियां भी चलानी शुरू कर दीं।

प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने संबंधी सभी प्रोटोकाल का पालन किया। निरोधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उपद्रव को नियंत्रित करने में सफलता मिली। अगर प्रशासन सख्त नहीं होता, तो पूरी रांची उपद्रव की आग में झुलस जाती।

पुलिस प्रशासन और उपद्रवियों के बीच हुई हिंसक झड़प में दोनों तरफ से दो दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए। घायलों का रिम्स और सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की मौत हो गई।

एक पुलिस कर्मी को गोली लगी, जो इलाजरत है। 11 पुलिस कर्मी भी इलाजरत हैं। इस घटना के दौरान उपद्रवियों के हमले में विधि व्यवस्था का संधारण कर रहे डेली मार्केट के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ठाकुर का सिर फट गया और एसएसपी का हेलमेट टूट गया। उनके सिर में चोट लगी।

रांची के सिटी एसपी को भी चोटें आईं। कोतवाली के इंस्पेक्टर भी जख्मी हो गए। उपायुक्त पर भी हमला किया गया। बिहार के मंत्री की भी गाड़ी तोड़ दी गई। दो दर्जन छोटे-बड़े वाहनों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए। मंदिर पर भी हमला किया गया।

फिलहाल, रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार रिपोर्ट की समीक्षा कर रही है। राज्य सरकार को जो रिपोर्ट दी गई है उसके अनुसार 25 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। 22 नामजद हैं, जबकि हजारों की संख्या में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Expert Media News / Mukesh bhartiy

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले 35 वर्षों से एक समर्पित समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रुप में सक्रीय हैं, जिन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय खबरों पर गहरी समझ और विश्लेषण देने का अनुभव है। वे Expert Media News टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो एक डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म जो ताज़ा घटनाओं, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखता है। Expert Media News न केवल ताज़ा खबरें साझा करता है, बल्कि उन विश्लेषणों को भी प्रकाशित करता है जो आज की बदलती दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं। वे मानते हैं कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।
Back to top button