पटना निगरानी की टीम ने घूस लेते आंगनवाड़ी सुपरवाइजर को दबोचा, नालंदा में मचा हड़कंप

नालंदा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार को नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय स्थित आवास से आंगनवाड़ी महिला पर्यवेक्षका (एलएस) सुषमा कुमारी को 3,200 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पोषाहार पंजी में हस्ताक्षर के बदले मांगी थी कमीशनः मिली जानकारी के अनुसार नगरनौसा के कंचन भवन वन केंद्र संख्या 28 (वार्ड संख्या 3) की सेविका बेबी कुमारी ने निगरानी ब्यूरो से लिखित शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि पर्यवेक्षका सुषमा कुमारी पोषाहार पंजी में हस्ताक्षर करने और अन्य सरकारी कार्यों के निष्पादन के एवज में अवैध राशि की मांग कर रही थीं।
आरोपित महिला ने कुल 15,747 रुपये की राशि का 20 प्रतिशत हिस्सा मांगा था। इसके अलावा, प्रति माह 3,200 रुपये अलग से नजराने के तौर पर देने का दबाव बनाया जा रहा था।
निगरानी की जाल में फंसी आरोपितः शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक शशि शेखर चौधरी।के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया।
बुधवार को जैसे ही सेविका ने तय राशि पर्यवेक्षका को थमाई, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। टीम में पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार समेत कई अन्य अधिकारी शामिल थे।
कार्यालय में मचा हड़कंपः गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने नगरनौसा परिसर स्थित उस भवन में कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं, जहाँ पर्यवेक्षका निवास कर रही थीं। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई।
इस अचानक हुई कार्रवाई से बाल विकास परियोजना कार्यालय (CDPO) समेत पूरे प्रखंड मुख्यालय में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।









