अपराधआस-पड़ोसदेशबिग ब्रेकिंग

Kolkata STF: कोलकाता में हथियारों का जखीरा बरामद, नालंदा का युवक गिरफ्तार

“पुलिस (Kolkata STF) इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार किसे सप्लाई किए जाने थे और इसके पीछे कोई बड़ा अंतर्राज्यीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है। इस कार्रवाई को चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ी सफलता माना जा रहा है…

एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश को विफल करते हुए हथियारों की खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (Kolkata STF) ने बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले एक युवक को अत्याधुनिक हथियारों और भारी मात्रा में कारतूस के साथ धर दबोचा।

गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद यूसुफ (18) के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के शेखाना गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे बुधवार दोपहर स्ट्रैंड रोड इलाके से हिरासत में लिया। गुरुवार को उसे बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसटीएफ प्रमुख वी सोलोमन नेशा कुमार के अनुसार टीम को पहले से सूचना मिली थी कि कोलकाता के स्ट्रैंड रोड क्षेत्र में हथियारों की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। इस इनपुट के आधार पर इलाके में लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में सुलभ शौचालय के पास खड़ा दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। इनमें तीन देसी कट्टा, दो 7 एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन, 18 जिंदा कारतूस (8 एमएम) और 22 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम) शामिल हैं। बरामदगी के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी हथियारों के स्रोत और इनके इस्तेमाल को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1बी)(ए) और 29 के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button