अपराधदेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगबिहार

जहानाबाद के स्कूल हॉस्टल में मासूम छात्र की गला रेतकर हत्या, नालंदा का स्कूल संचालक गिरफ्तार

“शव को देखते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और न्याय की मांग को लेकर पटना-गया एनएच-22 को जाम कर दिया..

पटना/जहानाबाद (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के जहानाबाद जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के कनौदी स्थित एक गुरुकुल आवासीय विद्यालय के छात्रावास में पांच वर्षीय मासूम छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई।

बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने विद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की और पटना-गया मुख्य मार्ग (एनएच-22) को करीब एक घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान कड़ौना थाना क्षेत्र के बुलाकीबिगहा गांव निवासी धनंजय कुमार के पांच वर्षीय पुत्र आशु कुमार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे के गले पर गंभीर कट के निशान पाए गए हैं। साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किए जाने की आशंका जताई जा रही है। चिकित्सकों ने मामले को अत्यंत संदिग्ध बताते हुए अप्राकृतिक यौनाचार की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।

परिजनों के अनुसार आशु को महज 10 दिन पहले ही विद्यालय के छात्रावास में दाखिल कराया गया था। उसका बड़ा भाई रिशु कुमार पहले से वहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। सुबह विद्यालय संचालक ने परिवार को फोन कर बताया कि बच्चा स्कूल की छत से गिर गया है। सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन बच्चे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए।

शव को देखते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और न्याय की मांग को लेकर पटना-गया एनएच-22 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा निवासी विद्यालय संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

इधर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मामले की संवेदनशीलता और संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया।

डॉक्टरों ने विशेषज्ञ राय की जरूरत बताते हुए शव को आगे जांच के लिए पीएमसीएच भेजने की सलाह दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु पीएमसीएच रवाना किया गया।

एसडीपीओ मनीष चंद्र ने बताया कि विद्यालय की छत से गिरने से मौत की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button