पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के औरंगाबाद जिला में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में एक सनकी युवक ने अपने ही सगे भाई के तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने उसी हथियार से अपनी भी गर्दन काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब केवल मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानें क्या है पूरा मामलाः मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमन पाल का अपने सगे भाई गुड्डू पाल से लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे अमन अपने भाई के घर पहुंचा और पहले कमरे में रखे होम थिएटर की आवाज तेज कर दी, ताकि बच्चों की चीख बाहर न सुनाई दे।
इसके बाद उसने गुड्डू पाल के तीनों मासूम बच्चों पर धारदार दबिया से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में जिन बच्चों की मौत हुई, उनमें 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जब बच्चों की चीख सुनाई दी तो परिवार के लोग और पड़ोसी घर की ओर दौड़े, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। तीनों बच्चे खून से लथपथ पड़े थे और आरोपी भी वहीं घायल अवस्था में पड़ा था।
मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाजः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गंभीर हालत में इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
बच्चों की मां अनिता देवी के बयान पर पुलिस ने आरोपी अमन पाल और बच्चों की दादी सोनमती कुंवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के दौरान पुलिस ने दादी को गिरफ्तार भी कर लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
पैसों के विवाद ने लिया खौफनाक रूपः पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस भयावह वारदात की जड़ में पारिवारिक विवाद और पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि बड़ा भाई गुड्डू पाल मुंबई के रेलवे कैंटीन में काम करता है, जबकि आरोपी अमन पाल आंध्र प्रदेश में वेल्डिंग का काम करता था। होली के समय गुड्डू घर आया था, तभी अमन ने उसके खाते में 8 हजार रुपये भेजे थे। बाद में यह रकम घर की जरूरत और कर्ज चुकाने में खर्च कर दी गई, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
दो दिन पहले गुड्डू मुंबई वापस चला गया था। इसके बाद अमन घर लौटा और जब उसे विवाद की बात फिर बताई गई तो वह बुरी तरह भड़क गया। पुलिस का मानना है कि इसी गुस्से और पारिवारिक तनाव में उसने अपने ही भतीजे-भतीजी को निशाना बनाया।
पूरे इलाके में दहशत और आक्रोशः घटना के बाद खुटहन गांव समेत पूरे हसपुरा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी जघन्य वारदात पहले कभी नहीं देखी गई। मासूम बच्चों की निर्मम हत्या ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांड संख्या 102/26 दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।


