देशबिग ब्रेकिंगबिहार

उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच आवागमन हुआ आसान, गांधी सेतु की दूसरी लेन शुरु

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज नेटवर्क)। बिहार के पटना में महात्मा गांधी सेतु की दूसरी यानी पूर्वी लेन का उद्घाटन हो गया है। अब पटना समेत पूरे उत्तर बिहार के लोगों को गांधी सेतु पर ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। मंगलवार से गांधी सेतु की दोनों लेनों पर आवागमन शुरू कर दिया गया।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान फीता काटकर गांधी सेतु की पूर्वी लेन का लोकार्पण किया। यह पुल राजधानी पटना को राज्य के उत्तरी जिलों से जोड़ता है।

गांधी सेतु का लोकार्पण करने के बाद नितिन गडकरी और सीएम नीतीश कुमार हाजीपुर स्थित जनसभा में पहुंचे। यहां 13,585 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाना है।

इससे पहले नितिन गडकरी सुबह 11 बजे बाद पटना एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सीधे वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पर गए। इसके बाद दोनों नेता एक साथ हाजीपुर के लिए रवाना हुए।

गंगा नदी पर बने गांधी सेतु की लंबाई 5.75 किलोमीटर है। इस पुल की पूर्वी लेन का काम 2017 में शुरू हुआ था। गांधी सेतु की पश्चिमी लेन को जून 2020 में चालू कर दिया गया था। तब से एक ही लेन में दोनों साइड से वाहन आ जा रहे थे।

इस वजह से गांधी सेतु पर बहुत लंबा ट्रैफिक जाम लगता था। ट्रैफिक जाम में फंसने के चलते कई बार लोगों की फ्लाइट, ट्रेनें छूट जाती थीं। यहां तक कि शादियां भी रुक जाती थीं।

यह पुल दक्षिणी बिहार को उत्तरी हिस्से से जोड़ता है। इसलिए इस पर ट्रैफिक का दबाव बहुत है। नए गांधी सेतु की दोनों लेन चालू होने के बाद अब इस सेतु पर रफ्तार से गाड़ियां दौड़ेंगी। अब पटना से हाजीपुर का सफर महज 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।
Back to top button