राजगीर वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के ‘लोगो’ और ‘शुभंकर’ का भव्य अनावरण

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के राजगीर में पहली बार आयोजित होने वाली वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 का आयोजन 11 से 20 नवंबर के बीच होगा। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के ‘लोगो’ और ‘शुभंकर’ का अनावरण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में किया। इस मौके पर उन्होंने महिला हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी करने पर बिहार की गर्व भरी भूमिका को रेखांकित किया।

चैंपियंस ट्रॉफी का ‘लोगो’ और ‘शुभंकर’: टूर्नामेंट के शुभंकर ‘गुड़िया’ का डिज़ाइन बिहार की राज्य पक्षी गौरैया से प्रेरित है। गुड़िया के हाथ में हॉकी स्टिक और गोलकीपर का दस्ताना दर्शाता है कि वह खेल के भीतर सतर्कता और सुरक्षा का प्रतीक है। साथ ही पास में रखी गेंद खेल भावना और टीमवर्क का प्रतिनिधित्व करती है। चूंकि यह प्रतियोगिता महिलाओं की है, इसीलिए ‘गुड़िया’ महिला सशक्तीकरण के संदेश को मजबूत करती है, जिसे बिहार सरकार ने प्राथमिकता दी है।

वहीं प्रतियोगिता के ‘लोगो’ में बोधि वृक्ष और हॉकी स्टिक शामिल हैं। बोधि वृक्ष ज्ञान, सद्भाव, सहिष्णुता और विकास का प्रतीक है, जो बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है। हॉकी स्टिक राष्ट्रीय खेल हॉकी का प्रतीक इस आयोजन की महत्ता को रेखांकित करता है।

महत्वपूर्ण टीमों की भागीदारी: इस चैंपियनशिप में भारत सहित चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट न केवल अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के प्रति बिहार की बढ़ती रुचि को दिखाता है, बल्कि खेल के क्षेत्र में राज्य की प्रगति का भी प्रतीक है।

मुख्यमंत्री का संदेश और आयोजन की तैयारियां: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन राजगीर में हो रहा है। हमने राजगीर में एक भव्य खेल स्टेडियम तैयार किया है और मैं भारतीय महिला हॉकी टीम सहित अन्य सभी टीमों का स्वागत करता हूं। राज्य सरकार इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।”

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और अतिथियों के लिए बेहतरीन इंतजाम किए जाएं, ताकि वे बिहार से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।

इस मौके पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सुश्री सेलेमा टेटे और उपकप्तान सुश्री नवनीत कौर ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम में वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर आधारित 30 सेकंड का एक विशेष जिंगल भी प्रस्तुत किया गया।

अधिकारियों की उपस्थिति: इस कार्यक्रम में खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी राजेन्दर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरन और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

ताजा खबरें

सर्वजन खबरें