झारखंडदेशबिग ब्रेकिंग

सरायकेला DC ने CM हेमन्त सोरेन को छऊ महोत्सव-2026 का दिया निमंत्रण

रांची/सरायकेला (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। झारखंड की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने वाले सरायकेला राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को झारखंड मंत्रालय में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु सादर आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षा, यातायात, दर्शकों की सुविधा, कलाकारों के ठहरने एवं मंच सज्जा सहित विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ज्ञात हो कि सरायकेला का छऊ नृत्य देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यह झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हर वर्ष चैत्र पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव हजारों दर्शकों और कला प्रेमियों को आकर्षित करता है।

इस वर्ष भी महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकारों के भाग लेने की संभावना है। पारंपरिक छऊ नृत्य प्रस्तुतियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कलाओं का प्रदर्शन और स्थानीय परंपराओं की झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री को दिए गए आमंत्रण के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी तथा राज्य की लोक-सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा मिलेगी।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button