आस-पड़ोसदेशपर्यटनबिग ब्रेकिंग

सिक्किम में बस पलटने से रांची के 22 छात्र जख्मी, झारखंड सीएम ने दिए हवाई मार्ग से लाने के निर्देश

गंगटोक (INR)। सिक्किम के पूर्वी इलाके में मंगलवार को एक बस के पलट जाने की घटना में रांची के संत जेवियर कॉलेज के 22 छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र सिक्किम घूमने आए थे।

उन्होंने बताया कि जब वे रांची वापस जाने के लिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी लौट रहे थे, तभी उनकी बस रानीपूल थाना क्षेत्र के ‘सेवंथ माइल’ में पलट गई।

उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को ताडोंग के सेंट्रल रेफरल अस्पताल (सीआरएच) में भर्ती कराया गया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उन्होंने अधिकारियों को छात्रों को हवाई मार्ग से वापस लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।

सोरेन ने ट्वीट किया, ‘फिलहाल वहां खराब मौसम के कारण हम बच्चों को हवाई मार्ग से वापस नहीं ला पा रहे हैं। वहां उनके समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है।’

सोरेन ने कहा कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की है ताकि घायल छात्रों का उचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि सरकार इलाज और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी सिक्किम सरकार से छात्रों को समर्थन सुनिश्चित करने की अपील की। सेंट जेवियर्स कॉलेज के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पता चला है कि बस का ब्रेक फेल होने के बाद हादसा हुआ।

 

Expert Media News / Mukesh bhartiy

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले 35 वर्षों से एक समर्पित समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रुप में सक्रीय हैं, जिन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय खबरों पर गहरी समझ और विश्लेषण देने का अनुभव है। वे Expert Media News टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो एक डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म जो ताज़ा घटनाओं, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखता है। Expert Media News न केवल ताज़ा खबरें साझा करता है, बल्कि उन विश्लेषणों को भी प्रकाशित करता है जो आज की बदलती दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं। वे मानते हैं कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।
Back to top button