चुनाव डेस्कदेशबिग ब्रेकिंगबिहारराजनीति

राष्ट्रपति चुनावः जदयू का स्टैंड क्लीयर, द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी पर सीएम ने जताई खुशी

पटना  (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज नेटवर्क)। जनता दल यूनाइटेड ने एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने बुधवार को स्पष्ट किया कि जदयू का पूरा समर्थन द्रौपदी मुर्मू को रहेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के चुनाव में गरीब परिवार में जन्मी एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिद्धांततः महिला सशक्तिकरण एवं समाज के शोषित वर्गों के प्रति समर्पित रहे हैं। जनता दल (यू) द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का स्वागत एवं समर्थन करती है। राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

जदयू की इस घोषणा के साथ ही अब द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने की राह में कोई बड़ी बाधा होने की कोई संभावना नहीं है। एनडीए के सभी घटक दलों के साथ ही चिराग पासवान ने भी मुर्मू के समर्थन देने की घोषणा आज की है।

द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाए जाने पर नीतीश ने खुशी जताईः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाए जाने पर बुधवार को प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं। एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाना बहुत खुशी की बात है।

द्रौपदी मुर्मू मूलतः उड़ीसा की रहने वाली हैं। उड़ीसा सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया था। उसके पश्चात झारखंड की राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कल प्रधानमंत्री मोदी ने बात कर इसकी जानकारी उन्हें दी थी कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनायी जा रही हैं। प्रधानमंत्री को भी इसके लिए हृदय से धन्यवाद।

इससे पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी आज सुबह टवीट कर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति भाजपा की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा है कि मोदी है तो मुमकिन है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker