जानें कब पूरा होगा गा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन गंगा पुल, क्यों हो रही देरी

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देने वाला कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन गंगा पुल अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। परियोजना के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जानकारी दी कि पुल का शेष निर्माण कार्य अप्रैल महीने तक पूरा कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में साफ निर्देश दिए कि बचे हुए कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, साथ ही पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण भी तय समय में समाप्त हो, ताकि आम लोगों को निर्बाध और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सिक्सलेन गंगा पुल के पूर्ण होने से राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच सीधा, तेज और सुरक्षित सड़क संपर्क स्थापित होगा। इससे न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कृषि, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी नया बल मिलेगा।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आकस्मिक चिकित्सा स्थिति में उत्तर बिहार के मरीजों को पटना के बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में अब काफी सहूलियत होगी, जिससे समय पर इलाज संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पहले चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की संपर्कता पहले ही बहाल हो चुकी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण कार्य की वे स्वयं नियमित समीक्षा और निरीक्षण करते रहे हैं, ताकि गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा सके।

बता दें कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन गंगा पुल के पूरा होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव भी काफी हद तक कम होगा। उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, जिससे जाम की समस्या घटेगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी। खास बात यह है कि पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में सीधे और आसानी से पहुंच सकेंगे।

यह परियोजना आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ेगी, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि ईंधन की बचत और परिवहन लागत में भी कमी आएगी। राज्य सरकार लगातार गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों के निर्माण के जरिए प्रदेश में आवागमन व्यवस्था को मजबूत कर रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 जून 2025 को कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक नवनिर्मित हिस्से का उद्घाटन किया था। पटना जिले के एनएच-30 पर स्थित कच्ची दरगाह और वैशाली जिले के एनएच-103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किलोमीटर लंबी सिक्सलेन ग्रीनफील्ड पुल परियोजना का निर्माण हो रहा है। इसमें 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथ का निर्माण शामिल है।

यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक 4.57 किलोमीटर लंबाई का उद्घाटन हो चुका है। दूसरे चरण में हाजीपुर-महनार पथ (एनएच-122बी) से चकसिकंदर (एनएच-322) तक का निर्माण किया जा रहा है, जबकि तीसरे चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर–महनार पथ एनएच-122बी तक का कार्य प्रगति पर है।

करीब 4,988.40 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रही इस परियोजना में एशियाई विकास बैंक (ADB) से लिया गया लगभग तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज भी शामिल है। हालांकि, इस परियोजना को पूरा करने की समयसीमा 30 जून 2023 निर्धारित थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह करीब 34 महीने की देरी से पूरी हो रही है।

स्रोतः एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क के लिए मुकेश भारतीय की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें