देशबिग ब्रेकिंग

जमशेदपुर: संदिग्ध अवस्था में पति-पत्नी का शव बरामद, नाबालिग बेटी गायब

जमशेदपुर (एक्सपर्ट मडिया न्यूज नेटवर्क)। जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत मंडल बस्ती में घर से संदिग्ध अवस्था में पति-पत्नी शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से दंपति की हत्या की गई है।

मृतकों का नाम भूपेंद्र प्रसाद ( 39) और उसकी पत्नी सविता देवी (35) के रूप में हुई है। भूपेंद्र लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य करता है। घटना के बाद से मृतक की पुत्री नीलम उर्फ खुशबू (14) गायब है।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले से ये बस्ती में घर बनाकर रह रहे थे। स्थानीय लोगों ने उनके घर से खून बहता हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ कर देखा तो अंदर पति-पत्नी का शव पड़ा हुआ था। दोनों के सिर और शरीर पर धारदार हथियार और हथौड़े से प्रहार के निशान पाए गए हैं। दंपति की एक बेटी भी है, जो घर से लापता पाई गई है।

पुलिस को कमरे से एक पत्र बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि पत्र मृतक दंपति की बेटी द्वारा लिखा गया है। पत्र में लिखा है कि मैं आत्महत्या करने जा रही हूं। पुलिस ने पत्र को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सिटी एसपी के विजय शंकर ने बताया कि बंद कमरे में पति-पत्नी का शव बरामद किया गया है। इनके शरीर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया से यह हत्या का मामला लग रहा है, लेकिन जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। सिटी एसपी ने बताया कि दंपति की बेटी की तलाश की जा रही है।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button