देशबिग ब्रेकिंगबिहार

बिहारः औरंगाबाद में डूबने से 4 युवती समेत 5 लोगों की मौत

पटना/औरंगाबाद (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के औरंगाबाद जिले में उपहारा थानाक्षेत्र के हमीदनगर गांव के पुनपुन नदी के कुसुमरा घाट के समीप नदी में स्नान करने के दौरान रविवार को चार किशोरियों सहित पांच की मौत हो गई।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक शव को ढूंढ निकाला है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक हमीदनगर गांव के गनौरी भगत की 14 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी, विजय भगत की 15 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी, बखोरी विश्वकर्मा की 14 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी एवं हरिद्वार भगत की 13 वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी दीपावली पर घर का कपड़ा धोने के लिए पुनपुन नदी में गई थी।

कपड़ा धोने के बाद सभी किशोरियां नदी में स्नान करने लगी। स्नान करने के दौरान वे नदी की तेज धार में बह कर डूबने लगी। वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया।

इस बीच गांव के मोती ठाकुर के 40 वर्षीय पुत्र शंकर ठाकुर ने डूब रहे किशोरियों को बचाने का प्रयास किया। बचाने के दौरान डूब रही किशोरियों ने चारों तरफ से उन्हें पकड़ लिया, जिसके कारण वे भी डूब गए।

सूचना पर पहुंची उपहारा पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक शव को निकाल लिया है। बाकी शवों की तलाश जारी है।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button