झारखंडदेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगराजनीति

झारखंड में मतदाता सूची का महासत्यापन अभियान शुरू, हर घर पहुंचेगा बीएलओ

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने घोषणा की है कि राज्यभर में 20 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ (Booth Level Officer) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

निर्वाचन सदन में आयोजित मीडिया ओरिएंटेशन प्रोग्राम एवं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान राज्य की मतदाता सूची को अधिक स्वच्छ, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के सूची से नहीं हटाया जाएगा और लोगों से भ्रामक खबरों से बचने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य किए जाएंगे। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया के बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, नोटिस पीरियड और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं से बीएलओ का संपर्क नहीं हो पाएगा, उनके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यह प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है, विदेशी नागरिक इसमें शामिल नहीं होंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के बीएलए और निर्वाचन कर्मियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की ताकि लोकतंत्र की बुनियाद और मजबूत हो सके।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार उपस्थित रहे।

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button