तेजस्वी के तीखे तंज के बाद टली सीएम नीतीश की महिला संवाद यात्रा

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुप्रतीक्षित महिला संवाद यात्रा आखिरी वक्त पर स्थगित कर दी गई है। इस यात्रा का उद्देश्य राज्य की महिलाओं, विशेषकर जीविका दीदियों के साथ संवाद स्थापित करना और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करना था।

हालांकि, अब तक इस यात्रा का कोई नया कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। यह यात्रा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

सीएम नीतीश की इस यात्रा पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखे तंज कसे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि यह यात्रा महज प्रचार का साधन है और इसमें 225 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च किया जा रहा है।

तेजस्वी ने ट्वीट के जरिए कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं के नाम पर चाय-पानी, प्रचार-प्रसार और अपनी छवि सुधारने में राज्य के खजाने को लूट रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के लिए 104 करोड़ रुपये, चाय-पानी और अल्पाहार पर 114 करोड़ रुपये और एक पीआर कंपनी को 150 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

तेजस्वी ने तंज करते हुए कहा कि यह वही मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने 10 लाख नौकरियों के सवाल पर पूछा था कि पैसा कहां से आएगा।

दरअसल सीएम नीतीश के महिला संवाद यात्रा का उद्देश्य सात निश्चय योजना और जल जीवन हरियाली योजना की समीक्षा करना बताया गया था। इसके साथ यह यात्रा महिलाओं, खासकर जीविका दीदियों के साथ संवाद करने का मंच भी बनने वाली थी। राज्य में महिलाओं के उत्थान और उनके साथ सरकारी योजनाओं की प्रगति का आकंलन करने के लिए यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा के स्थगन का बड़ा असर राज्य की राजनीतिक स्थितियों पर पड़ सकता है। विपक्ष लगातार सीएम नीतीश की योजनाओं और खर्चों को लेकर सवाल उठा रहा है।  जिससे सरकार को जवाबदेही साबित करनी होगी।

बहरहाल यात्रा के स्थगित होने के पीछे तेजस्वी यादव के तंज और उनके द्वारा उठाए गए खर्चों के सवालों का दबाव है या यह मुख्यमंत्री की कोई नई रणनीति? यह स्पष्ट नहीं है। जनता और राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें