Home देश बिहार में रिकॉर्ड  27 नए मामले, कोरोना मरीजों की संख्या 197 पहुंची

बिहार में रिकॉर्ड  27 नए मामले, कोरोना मरीजों की संख्या 197 पहुंची

0

आज बिहार में कोरोना के रेकॉर्ड  27 नए मामले सामने आए हैं। मुंगेर से आए 15 मामलों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बिहार में मुंगेर अब कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है

एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क। कोरोना महामारी ने बिहार में अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शुक्रवार की शाम तक बिहार में अब तक इस महामारी के 27 नए केस सामने आए हैं जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा हैं।

इसके साथ ही बिहार में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 197 हो गई है। दोपहर तक जहां बिहार के मुंगेर, बांका, बक्सर और नालंदा जिले से मरीजों का मामला सामने आया था, वहीं शाम को एक साथ 15 नए केस मुंगेर से सामने आए।

corona new virus 2

जानकारी के मुताबिक मुंगेर से आए 15 मामलों में अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बिहार में मुंगेर अब तक कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है, जहां अब तक 52 मरीज मिले हैं।

बिहार के मुंगेर में 1 दिन में 19 केस सामने आए हैं। मुंगेर में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए सभी महिला और पुरुष मरीज सदर बाजार के जमालपुर के रहने वाले हैं। पॉजिटिव पाए गए मरीजों में पांच पुरुष हैं जबकि 10 महिलाएं हैं।

खास बात यह है कि इस महामारी में 10 से लेकर 15 और 20 साल के बच्चों को भी अपनी चपेट में लिया है। मुंगेर में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए इन मरीजों में से अब तक किसी की ट्रैवल हिस्ट्री का पता नहीं लग सका है।

बिहार में जिस तरह से कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है वह स्थिति काफी भयावह होती दिख रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में चार दिन के भीतर ही 74 कोरोना संक्रमितों  की संख्या में इजाफा हुआ है।  20 अप्रैल को  कोरोना के 17 नए मामले सामने आए थे।

इसके अगले दिन 21 अप्रैल को 13 नए मामले मिले। 22 अप्रैल को एक ही दिन में 17 और मामले इन आंकड़ों में जुड़ गए। जबकि 23 अप्रैल को 27 नए मामले सामने आए। 19 अप्रैल तक राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 96 थी जो अब बढ़कर 197 हो चुकी है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version