देशबिग ब्रेकिंगराजनीति

झामुमो विधायक का इस्तीफा, हेमंत की जगह कल्पना को सीएम बनाने की चर्चा

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई की आशंका के बीच झारखंड की झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार ने वैकल्पिक रास्ते की तलाश शुरू कर दी है।

जमीन घोटाला मामले में ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए छह बार समन जारी किया, लेकिन हेमंत सोरेन ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए।

इसके बाद सातवां समन जारी करते हुए 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री से कहा गया कि केंद्रीय एजेंसी को उनसे पूछताछ करना है, वह बताएं कि कब और कहां उपलब्ध रहेंगे। ईडी ने उन्हें दो दिन का वक्त दिया था। वक्त बीत जाने के बाद भी हेमंत सोरेन की ओर से ईडी को कोई जवाब नहीं दिया गया।

इस बीच गिरिडीह जिले के गांडेय विधानसभा से निर्वाचित विधायक डॉ सरफराज अहमद ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। झारखंड विधानसभा सचिवालय ने आज सोमवार एक जनवरी 2024  को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है।

इसके बाद से ही चर्चा है कि ईडी की किसी भी संभावित कार्रवाई के लिए हेमंत सोरेन तैयार हैं। साथ ही सरकार वैकल्पिक रास्ता भी तलाश रही है।

अंदरखाने के सूत्र बता रहे हैं कि हेमंत सोरेन की जगह उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। उनको गांडेय से उपचुनाव लड़ाया जा सकता है। इसलिए गांडेय विधानसभा सीट से डॉ सरफराज अहमद का इस्तीफा हुआ है।

इधर, विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर चार साल पहले निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने आज सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि झारखंड में जल्द सत्ता परिवर्तन की संभावना है। अगर सत्ता बदली, तो नए मुख्यमंत्री के लिए गिरिडीह जिले की गांडेय विधानसभा सीट खाली होगी। उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि नववर्ष में जो भी हो, राज्य, जनता और राजनीति के लिए शुभ हो।

उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा है कि नया साल सोरेन परिवार के लिए कष्टदायक है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि झारखंड के गांडेय विधायक सरफराज अहमद ने विधानसभा से इस्तीफा दिया। इस्तीफा स्वीकार हुआ। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। झारखंड की अगली मुख्यमंत्री उनकी पत्नी कल्पना सोरेन होंगी। नया साल सोरेन परिवार के लिए कष्टदायक।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker