सीएम नीतीश ने वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के विजेता 22 खिलाड़ियों पर की धनवर्षा

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के राजगीर खेल परिसर में आयोजित वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों और उनके सपोर्ट स्टाफ को सम्मान राशि के रूप में धनवर्षा की। कुल 22 खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये और नौ सपोर्ट स्टाफ को 5-5 लाख रुपये दिए गए। यह सम्मान समारोह पटना के बापू टावर सभागार में आयोजित हुआ।

इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और सहयोगियों को भी मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल बिहार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि भारत के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

बिहार में पहली बार आयोजित वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में छह देशों की टीमें– चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, थाइलैंड, इंडोनेशिया और भारत  शामिल थीं। इस टूर्नामेंट का आयोजन 11 से 20 नवंबर तक राजगीर में हुआ था। जिसमें भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

मुख्य कोच और खिलाड़ियों को मिले 10-10 लाख रुपयेः मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेन्द्र सिंह और टीम की कप्तान सलीमा टेटे समेत 22 खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये की सम्मान राशि दी।

इन खिलाड़ियों में नवनीत कौर, शर्मिला देवी, बिचू देवी खारिबाम, प्रिया सिरोही, सविता, संगीता कुमारी, मुमताज खान, वैष्णवी विठ्ठल फाल्के, लालरेम्सियामी, बलजीत कौर, ज्योति, सुशीला चानू पुखरामबम, नेहा, मनीषा चौहान, इशिका चौधरी, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका जैसी प्रमुख खिलाड़ी शामिल थीं।

सपोर्ट स्टाफ को भी मिली सम्मान राशिः साथ ही, टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल बिलावा सुरेश, अंकिता, एड्रियन डिसूजा, आर्थर लुकास, डेव स्मोलेनार्स, राखी विनय दरने, प्रिया सिरोही, एडिसन एलियास, फ्रांसिस पुष्पावती और अमुथा प्रकाश पेरुमल को भी पांच-पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई।

सफल आयोजन पर चर्चा और वृत्तचित्रः कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा इस आयोजन से संबंधित वृत्तचित्र भी दिखाए गए। जो प्रतियोगिता के सफल आयोजन को दर्शाते हैं। इस मौके पर खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी राजेंदर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण और अन्य सम्मानित व्यक्ति भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें