चाईबासाः थैले में बच्चे का शव मामले में SDO ने सौंपी रिपोर्ट, हुए अहम खुलासे

चाईबासा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। सदर अस्पताल चाईबासा से बच्चे का शव थैले में ले जाने से संबंधित वायरल वीडियो मामले की जांच पूरी कर ली गई हैं। अनुमण्डल पदाधिकारी सदर चाईबासा द्वारा की गई जांच रिपोर्ट जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम को उपलब्ध करा दी गई हैं।

जांच में स्पष्ट किया गया हैं कि मृत बच्चे का नाम कृष्ण चातोम्बा (पिता– डिम्बा चातोम्बा), ग्राम बालजोड़ी, नोवामुण्डी हैं। वायरल वीडियो में बच्चे की उम्र चार वर्ष बताई जा रही थी, जो तथ्यात्मक रूप से गलत पाई गई। जांच में यह सामने आया कि मृत बच्चा मात्र चार माह का था।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार बच्चे को 18 दिसंबर 2025 की शाम 5:15 बजे सदर अस्पताल चाईबासा में फिवर और लूज मोशन की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। बच्चे को पीडियाट्रिक वार्ड में रखा गया और उपचार के दौरान जांच में वह मलेरिया पॉजिटिव पाया गया। बेहतर इलाज के लिए बच्चे को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन पिता द्वारा वहीं इलाज कराने की इच्छा जताई गई।

इलाज के दौरान 19 दिसंबर 2025 को अपराह्न 1:15 बजे बच्चे की मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद शव वाहन की व्यवस्था के लिए संपर्क किया गया, लेकिन एक शव वाहन मनोहरपुर में होने और दूसरे के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण विलंब की स्थिति बनी। परिजनों को प्रतीक्षा करने की सूचना दी गई थी। करीब अपराह्न 4:40 बजे शव वाहन अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक बच्चे के पिता शव लेकर अस्पताल से जा चुके थे।

जांच में यह भी सामने आया कि वार्ड में उस दिन कुल 33 बच्चे भर्ती थे और मात्र दो नर्स तैनात थीं। अन्य मरीजों की देखभाल के क्रम में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बच्चे के पिता किस समय शव लेकर अस्पताल से निकल गए। बच्चे के पिता के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उनसे संपर्क भी नहीं किया जा सका।

जांच रिपोर्ट में कहा गया हैं कि यदि परिजन शव वाहन का इंतजार करते तो शव वाहन उपलब्ध हो जाता। हड़बड़ी में पिता द्वारा शव को थैले में ले जाया गया। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए एक क्षतिग्रस्त शव वाहन की शीघ्र मरम्मत कराने का प्रस्ताव दिया गया हैं।

भूमि फर्जीवाड़ा पर सवाल को लेकर DC-CO ने वरीय पत्रकार को ब्लॉक किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें