भारत जोड़ो यात्राः इंदौर में राहुल गाँधी को बम से उड़ाने की धमकी, कार्यक्रम स्थल बदला

इंदौर (इंडिया न्यूज रिपोर्टर)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उनकी भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब यात्रा के दौरान राहुल गांधी वैष्णव कॉलेज परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे। पहले रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज परिसर में करने वाले थे।

वहीं, प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है और सरकार इसको लेकर प्रतिबद्ध है। कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर से महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी और अगले दिन 24 नवंबर को यह यात्रा इंदौर पहुंचेगी। इसके बाद इंदौर से होते हुए यात्रा उज्जैन जाएगी।

पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज में करने वाले थे। कॉलेज के बड़े मैदान में ठहरने की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई थीं। मगर अब यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए रात्रि विश्राम खालसा कॉलेज के सामने स्थित वैष्णव कॉलेज परिसर में होगा।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजेश चौकसे ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खालसा कॉलेज परिसर में अब सांस्कृतिक गतिविधियां और अन्य कार्यक्रम होंगे। खालसा कॉलेज में रात्रि विश्राम की तैयारियां और अन्य कार्यक्रम एक साथ करने में स्थान की समस्या सामने आ रही थी, इसलिए जगह बदली गई है।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में शुरू होने से पहले शुक्रवार को इंदौर में एक पत्र मिला था। इसमें राहुल की यात्रा के दौरान इंदौर में बम विस्फोट करने और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को गोली मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में मध्य प्रदेश की पुलिस ने पंजाब के करनाल से एक युवक को हिरासत में लिया है। जिस कागज पर हाथ से धमकी भरे शब्द लिखे हैं, उसमें एक युवक की तस्वीर लगी है। उस पर अमनदीप सिंह (25) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी मकान नंबर 52 ब्लाक नंबर एक नर्सिंग करनाल छपा है। यह युवक करनाल के नर्सिंग का है और टैक्सी चलाता है।

 

Expert Media News

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले 35 वर्षों से एक समर्पित समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रुप में सक्रीय हैं, जिन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय खबरों पर गहरी समझ और विश्लेषण देने का अनुभव है। वे Expert Media News टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो एक डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म जो ताज़ा घटनाओं, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखता है। Expert Media News न केवल ताज़ा खबरें साझा करता है, बल्कि उन विश्लेषणों को भी प्रकाशित करता है जो आज की बदलती दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं। वे मानते हैं कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।
Back to top button