Rajgir property dealer murder case: 75 लाख की लालच में चचेरे भाईयों ने ली जान

नालंदा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। Rajgir property dealer murder case:  बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में प्रॉपर्टी डीलर नीरज कुमार की हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी मचा दी है। नीरज कुमार उर्फ मुन्नू की हत्या के पीछे जो सच सामने आया, उसने सबको स्तब्ध कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस मामले को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया और इसके साथ ही हत्या के पीछे छिपे लालच और विश्वासघात की कहानी भी उजागर हो गई। नीरज की हत्या में उसके अपने ही चचेरे भाइयों और उनके साथियों का हाथ होने की पुष्टि हुई है।

नालंदा पुलिस अधीक्षक भरत सोनी के अनुसार राजगीर थाना क्षेत्र के नई पोखर मोहल्ले में 18 मार्च, 2025 को एक कुएं से नीरज कुमार का शव बरामद हुआ था। नीरज एक प्रॉपर्टी डीलर था। जिसकी अप्रैल में शादी होने वाली थी। शादी के लिए उसने अपनी पैतृक जमीन बेची थी। जिससे उसे 75 लाख रुपये मिले थे। इसी पैसे के लालच में उसके अपने ही चचेरे भाईयों ने उसकी जान ले ली। हत्या का मुख्य साजिशकर्ता नीरज का चचेरा भाई केशव कुमार था। जिसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। राजगीर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की पहचान की। पुलिस की गहन जांच में यह साफ हो गया कि 17 मार्च की रात करीब 9 बजे नीरज को उसके ही चचेरे भाईयों ने योजनाबद्ध तरीके से मार डाला और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नीरज के चचेरे भाई और उनके करीबी दोस्त थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में केशव कुमार, हर्षित कुमार, हरिओम कुमार, सौरव कुमार उर्फ मामू और केशव कुमार उर्फ मोना शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से कई महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। जिनमें नीरज का मोबाइल फोन, एयरबड्स, पिस्तौल, कारतूस और अन्य चीजें शामिल हैं।

एसपी भारत सोनी ने इस हत्याकांड के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की। इस मामले की जांच और गिरफ्तारी में डीएसपी राजगीर सुनील कुमार सिंह, राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार और कई अन्य अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा और न्याय के प्रति विश्वास बढ़ा है।

Exit mobile version