रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बीआइटी मेसरा ओपी थाना सदर अंतर्गत नेवरी केंदुआ टोली (नेवरी रिंग रोड) इलाके में बाउंड्री तोड़कर स्लेब चोरी करने और जबरन रास्ता बना देने का मामला सामने आया है। जमीन मालिक ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
घटना से जुड़ी तस्वीरों में साफ दिखाई देता है कि करीब 7 फीट ऊंची स्लेब और पिलर से बनाई गई बाउंड्री को व्यवस्थित तरीके से तोड़ा गया है। सिर्फ दीवार गिराने तक मामला सीमित नहीं है, बल्कि कई जगहों से स्लेब को उखाड़कर हटा दिया गया है और उसी जगह से मिट्टी काटकर एक रास्ता बना दिया गया है।
तस्वीरों में यह भी देखा जा सकता है कि जहां पहले बाउंड्री पूरी तरह खड़ी थी, वहां अब खुले रास्ते जैसी स्थिति बना दी गई है। इसका मतलब यह सिर्फ नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं, बल्कि जमीन दलालों की शह पर कतिपय लोगों का प्रवेश का सुनियोजित प्रयास है।
पीड़ित का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई है। पिछले कुछ वर्षों से बाउंड्री के पीछे बसे कुछ लोगों द्वारा बार-बार बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया जाता रहा है और पहले भी ईंट उखाड़कर चोरी की जा चुकी है।
पीड़ित के अनुसार इस बार जिस तरह स्लेब को तोड़ा गया और उसी जगह से रास्ता बना दिया गया, उससे यह साफ लगता है कि यह काम एक-दो लोगों का नहीं, बल्कि जमीन दलालों द्वारा अवैध सौदा के तहत आदिवासी जमीन लेने वालों के द्वारा फिर जानबूझकर किया गया है।
इस घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस इसे सामान्य तोड़फोड़ और चोरी मानकर दर्ज करेगी या इसे सुनियोजित तरीके से की गई आपराधिक कार्रवाई के रूप में देखेगी। क्योंकि अगर किसी जमीन की बाउंड्री तोड़कर रास्ता बनाया जाता है तो यह केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि अवैध प्रवेश का भी मामला बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस मामले में समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं तेजी से बढ़ सकती हैं और लोगों को जान-माल का भी भारी नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
रांची DCLR के आदेश के 3 माह बाद नोटिस, सुनवाई के दिन CO नदारत


