देशबिग ब्रेकिंगबिहार

नवादा की प्रधान जिला जज का सरकारी आवास में मिला शव, संदिग्ध मौत की उच्चस्तरीय जांच शुरू

न्यायिक महकमे में हलचल: जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे मौत के असली कारण

नवादा (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के नवादा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और शोकाकुल करने वाली खबर सामने आई है। नवादा की प्रधान जिला जज शिल्पी सोनी राज अपने सरकारी आवास में अचेत अवस्था में पाई गईं। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय धर्मशीला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से न्यायिक महकमे के साथ-साथ पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डीएम, एसपी, सिविल सर्जन समेत बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने मौत को संदेहास्पद मानते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू करा दी है।

एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि प्रधान जिला जज रात लगभग 10:30 बजे रजौली चेकपोस्ट के पास से चाय पीकर अपने सरकारी आवास लौटी थीं। इसके बाद सुबह करीब 5:30 बजे, जब केयरटेकर और हेल्पर उन्हें जगाने पहुंचे तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई उत्तर नहीं आया, तब उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकारी आवास पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, केयरटेकर अमरजीत के लिखित आवेदन के आधार पर विधिसम्मत जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना स्थित आईजीआईएमएस भेजा गया है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि शिल्पी सोनी राज ने पिछले वर्ष सितंबर माह में ही नवादा की प्रधान जिला जज के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वह अपने कर्तव्यनिष्ठ, सख्त लेकिन न्यायप्रिय कार्यशैली के लिए जानी जाती थीं। मूल रूप से वे भोजपुर जिले की रहने वाली थीं। उनके असामयिक निधन से न्यायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पूरा जिला प्रशासन और पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। यह घटना केवल एक वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी की मृत्यु नहीं, बल्कि कई गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

स्रोत : एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क

आगे पढ़ें

मुकेश भारतीय

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button