हजारीबागः पुल से नदी में गिरी यात्री बस, 7 लोगों की मौत, 45 लोग जख्मी, 12 लोग गंभीर

हजारीबाग (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। झारखंड प्रदेश के हजारीबाग जिले में एक दर्दनाक बस हादसा हुआ है। गिरिडीह से रांची जा रही शिवा नामक बस हजारीबाग-बगोदर एनएच-100 पर दारू के बीच शिवानी नदी में पलट गई।

इस हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में हजारीबाग गुरुद्वारा कमेटी के राजू सिंह भी शामिल हैं।

हादसे में मरने वालों की संख्‍या बढ़ सकती है। इस हादसे में 45 यात्री घायल बताये जा रहे हैं।

घायलों में दर्जन भर लोगों की हालत गंभीर है। सभी को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

 सभी लोग रांची धार्मिक कार्यक्रम कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। रास्‍ते में ही हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सैंकड़ों स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। स्‍थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्‍क्‍यू शुरू किया। काफी मशक्‍कत के बाद बस में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से काटकर बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार पत्ती टूटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और नदी में पलट गयी। बस में कुल 52 दर्शनार्थी सवार थे। डीसी नैंसी सहाय ने घायलों को हर संभव मदद करने का निर्देश दिया है। हादसे की खबर मिलते ही सिख समाज के लोग काफी संख्या में अस्पताल पहुंचे।

 

Exit mobile version