Home देश BPSC कैलेंडर 2026-27 जारी, टीआर-4 नदारद, शिक्षक अभ्यर्थियों में मायूसी

BPSC कैलेंडर 2026-27 जारी, टीआर-4 नदारद, शिक्षक अभ्यर्थियों में मायूसी

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने वर्ष 2026-27 के लिए बहुप्रतीक्षित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में आयोग द्वारा विभिन्न विभागों में प्रस्तावित और लंबित भर्तियों की संभावित परीक्षा तिथियों, परिणाम और साक्षात्कार कार्यक्रमों की रूपरेखा दी गई है। हालांकि कैलेंडर में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआर-4) को शामिल नहीं किए जाने से हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है।

आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि टीआर-4 को लेकर अब तक संबंधित विभाग से अधियाचना प्राप्त नहीं हुई है। इसी कारण चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा की कोई तिथि घोषित नहीं की जा सकी। कैलेंडर जारी होते ही शिक्षक अभ्यर्थियों में निराशा और असंतोष का माहौल देखने को मिला। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से टीआर-4 की प्रतीक्षा कर रहे थे, लेकिन एक बार फिर अनिश्चितता बनी हुई है।

वहीं दूसरी ओर, बीपीएससी ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (सीसीई) को लेकर प्रारंभिक परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार 72वीं सीसीई की प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

हालांकि, अभी तक इसमें शामिल किए जाने वाले पदों की संख्या तय नहीं की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 72वीं सीसीई में 500 से अधिक पद शामिल किए जाने की संभावना है और अप्रैल तक विभिन्न विभागों की रिक्तियों को इसमें जोड़ा जा सकता है।

कैलेंडर पर नजर डालें तो इसमें अधिकतर रिक्तियां पुरानी बताई जा रही हैं और मुख्य रूप से परीक्षा तिथियों में संभावित बदलाव का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद प्रतियोगी छात्रों के लिए यह कैलेंडर आगे की तैयारी की दिशा तय करने में अहम माना जा रहा है।

अन्य परीक्षाओं की बात करें तो 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (2035 पद) का साक्षात्कार फिलहाल जारी है और इसका अंतिम परिणाम अप्रैल-मई में जारी होने की संभावना है। वहीं, 71वीं सीसीई (1298 पद) का परिणाम पहले ही घोषित किया जा चुका है और इसकी मुख्य परीक्षा अप्रैल में प्रस्तावित है।

इसके अलावा न्यायिक और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी भर्तियों की भी तिथियां तय की गई हैं। 33वीं ज्यूडिशियल सेवा परीक्षा (173 पद) की प्रारंभिक परीक्षा 30 मई को होगी, जबकि सहायक अभियोजन पदाधिकारी (एपीओ) के 300 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी। साथ ही असिस्टेंट रेवेन्यू एंड अकाउंट ऑफिसर के 285 पद और असिस्टेंट अर्बन वेलफेयर एंड रजिस्ट्रेशन ऑफिसर के 285 पदों पर भी बहाली की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

कुल मिलाकर बीपीएससी का नया कैलेंडर एक ओर जहां सिविल सेवा अभ्यर्थियों के लिए उम्मीद की किरण लेकर आया है, वहीं टीआर-4 के अभाव ने शिक्षक अभ्यर्थियों की बेचैनी बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग कब अधियाचना भेजता है और टीआर-4 को लेकर अगला आधिकारिक अपडेट कब सामने आता है।

एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क के लिए मुकेश भारतीय की रिपोर्ट

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version