घोड़ा कटोरा पंचाने नदी डैम में 8 युवक डूबे, 2 किशोर की मौत

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में स्थित गिरियक घोड़ा कटोरा पंचाने नदी डैम में एक दुखद हादसा हुआ है। नहाने गए आठ युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि छह अन्य को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलाव थाना क्षेत्र के करिअन्ना गांव के आठ युवक दोपहर के समय पंचाने नदी डैम में नहाने गए थे। नदी का जलस्तर अधिक होने और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण सभी युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े और छह युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि दो युवक 19 वर्षीय फैसल आलम (पिता: असलम आलम मलिक) और 23 वर्षीय अनस आलम (पिता: मोहम्मद अशरफ आलम) गहरे पानी में फंस गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, सिलाव अंचलाधिकारी आकाश दीप सिन्हा और गिरियक अंचलाधिकारी सन्नी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राजगीर डीएसपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका। प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल बना दिया है। मृतकों के परिवार और गांव वाले सदमे में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचाने नदी डैम में अक्सर लोग नहाने के लिए आते हैं, लेकिन गहराई और पानी के बहाव के बारे में जानकारी न होने के कारण ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। उन्होंने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना सुरक्षा उपायों के गहरे पानी में न उतरें। साथ ही इस तरह के हादसों को रोकने के लिए डैम और नदियों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विचार किया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें