कटिहार में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने मचाया कहर, 10 की मौत, 30 घायल

कटिहार (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोढ़ा प्रखंड के डागपुर बकरी फार्म के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) पर हुआ, जिसने पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। जैसे ही बस डागपुर बकरी फार्म के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस ने पहले सड़क पर जा रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारी।

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद चालक बस को लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने एक पिकअप वाहन में भी टक्कर मार दी। इसके बाद स्थिति और भयावह हो गई। तेज रफ्तार बस की चपेट में सड़क पर मौजूद कई लोग आ गए। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल राहत और बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में फिलहाल केवल एक महिला की पहचान हो पाई है, जबकि अन्य मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें