झारखंड में गर्मी की दस्तक, तापमान 30 डिग्री पार, 15 फरवरी बाद आएगी कयामत

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी का एहसास होने लगा है। आमतौर पर रांची में गर्मी मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू होती थी। लेकिन इस बार फरवरी में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है।

फरवरी के पहले दिन ही रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।  जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस पूरे महीने तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक के अनुसार 15 फरवरी तक तापमान में कुछ उतार-चढ़ाव रहेगा। लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। फरवरी के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) और चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी के बाद चार से पांच दिन तक बादल छाए रह सकते हैं और इस दौरान दो से तीन बार बारिश होने की संभावना है। साथ ही ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। फरवरी माह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

रांची समेत झारखंड के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 2, 3 और 4 फरवरी को सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। जबकि 5 और 6 फरवरी को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का एहसास और बढ़ेगा।

बहरहाल, बदलते मौसम के चलते लोग अभी से गर्मी महसूस करने लगे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, मजदूर और खुले में काम करने वाले लोगों को दोपहर के समय अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के चलते झारखंड में भी तापमान में तेजी से बदलाव हो रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में पहले से अधिक गर्मी कड़ी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें