“शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो 28 सितंबर, 2020 को कोरोना संक्रमित हुए थे। कोरोना संक्रमित होते ही रांची रिम्स में भर्ती कराया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होता देख उन्हें रांची के मेडिका में भर्ती कराया गया। लेकिन, कोरेना वायरस फेफड़े को अधिक संक्रमित करने के कारण उन्हें 19 अक्तूबर, 2020 को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई ले जाया गया था…
रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क)। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो करीब 8 महीने बाद चार्टर विमान से चेन्नई से रांची लौटे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सीएम हेमंत सोरेन ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया। इससे पहले सीएम श्री सोरेन ने शिक्षा मंत्री के डोरंडा स्थित आवास का निरीक्षण भी किया।
सोमवार की सुबह रिम्स के दो चिकित्सक क्रिटिकल केयर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ पीके भट्टाचार्य और मेडिसिन विभाग के डॉ अजीत डुंगडूंग चेन्नई के एमजीएम हॉस्पिटल गये।
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के रांची लौटने से पहले सीएम हेमंत सोरेन ने शिक्षा मंत्री के आवंटित आवास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं श्री महतो की स्वास्थ्य की सुरक्षा के अनुकूल व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित लोगों को दिया।
चेन्नई से लौटने के बाद शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो डोरंडा स्थित नये आवास में रहेंगे। पूर्व यह आवास बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल को आवंटित था। कुछ माह पहले ही उन्होंने आवास खाली किया था। आवास के मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया है।