खेल-कूददेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगबिहारसरकार

अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता बिहार के वैभव सूर्यवंशी को सीएम ने किया सम्मानित, दिए 50 लाख रुपये

बिहार के बेटे वैभव सूर्यवंशी को राज्य सरकार ने 50 लाख रुपये और सम्मान-समारोह में किया गौरवान्वित, मुख्यमंत्री ने भविष्य के लिए दी शुभकामनाएँ

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार के लिए गर्व और गौरव का क्षण उस समय और भी खास हो गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 की विजेता भारतीय टीम के सदस्य और शानदार प्रदर्शन से देश-दुनिया में पहचान बनाने वाले बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह मुख्यमंत्री आवास स्थित 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी की सराहना करते हुए कहा कि अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर उन्होंने भारतीय क्रिकेट में नई उम्मीद जगाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बिहार और देश का नाम रोशन किया है। मेरी शुभकामना है कि आने वाले समय में आप भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करें। बिहार के बच्चे आपसे प्रेरणा लेंगे और आगे बढ़ेंगे।”

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने वैभव को आगे भी इसी समर्पण के साथ क्रिकेट खेलने और राज्य व देश का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान न सिर्फ वैभव के लिए, बल्कि बिहार के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी एक मजबूत संदेश है कि प्रतिभा को राज्य सरकार पूरा सम्मान और समर्थन देती है।

इस गरिमामय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने वैभव की उपलब्धि को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।bihar cricket star vaibhav suryavanshi honored by cm nitish kumar 1

समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स

मुकेश भारतीय

मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन और स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर लेखन-संपादन करते हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button