पटना सदाकत आश्रम के सामने भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प

इस घटना के बाद बिहार की राजनीति और गरमा गई है। कांग्रेस ने गृहमंत्री शाह के खिलाफ प्रदर्शन तेज करने की घोषणा की है, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाने की बात कही है

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार की राजधानी पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय पटना सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

झगड़े की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर विरोधी होने का आरोप लगाया। दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आश्रम के बाहर जमा होकर विरोध जताने लगे।

संसद में गृहमंत्री अमित शाह के एक बयान के बाद से ही कांग्रेस भाजपा के खिलाफ हमलावर है। शाह ने राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कहा था ‘अंबेडकर, अंबेडकर… इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता’। कांग्रेस ने इसे अंबेडकर का अपमान करार दिया और शाह के इस्तीफे की मांग की है।

भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शन को चुनौती मानते हुए कड़ा विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि हमारे दरवाजे के बाहर प्रदर्शन करना हमारी प्रतिष्ठा पर हमला है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थिति बिगड़ते ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। जिसमें लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को अलग किया और भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाकर वापस भेज दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी शांत करने की कोशिश की गई।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा डॉ. अंबेडकर के नाम पर राजनीतिक खेल कर रही है। शाह का बयान दलित समाज और अंबेडकर की विरासत का अपमान है। भाजपा का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास नहीं है।

वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अंबेडकर के नाम पर राजनीति करती है। असली संविधान विरोधी वही हैं।

पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों को शांतिपूर्ण विरोध के लिए निर्देश दिए गए हैं। आगे इस तरह की घटना होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

ताजा खबरें

सर्वजन खबरें