हेमंत सरकार ने पंजाब नैशनल बैंक के साथ किया वेतन खाता पैकेज का MoU !

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। झारखंड सरकार और पंजाब नेशनल बैंक के बीच राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए विशेष वेतन खाता पैकेज को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में यह समझौता संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार और बैंकिंग संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी सुशासन और वित्तीय पारदर्शिता की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि बैंक न केवल सरकारी कर्मचारियों की आर्थिक गतिविधियों का आधार हैं, बल्कि व्यवसाय, कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक आज राज्य सरकार के साथ एक नए अध्याय के रूप में जुड़ रहा है। मुझे विश्वास है कि जिस उद्देश्य और कर्तव्य के साथ बैंक इस साझेदारी में शामिल हुआ है, उसे वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएगा। राज्य सरकार एवं बैंक के बेहतर समन्वय से कर्मचारियों सहित आम जनता को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।”

कर्मचारियों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाः वेतन खाता पैकेज के तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों को विशेष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें आकर्षक ब्याज दरों पर ऋण सुविधा, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, बीमा कवर, ओवरड्राफ्ट सुविधा तथा अन्य वित्तीय लाभ शामिल किए जाने की संभावना है। इस पहल से कर्मचारियों के वित्तीय प्रबंधन को सरल और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

सरकार का मानना है कि इस तरह के समझौते न केवल कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हैं, बल्कि सरकारी वित्तीय लेन-देन को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी भी बनाते हैं। इससे राज्य की आर्थिक संरचना को भी मजबूती मिलेगी।

पूर्व में भी हुए हैं ऐसे समझौतेः मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले भी राज्य सरकार ने विभिन्न बैंकों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं और उनके अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह नया समझौता उसी कड़ी का विस्तार है, जो कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।

कई गणमान्य रहे उपस्थितः समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की के साथ मुख्य सचिव अविनाश कुमार उपस्थित थे। वहीं बैंक की ओर से महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख रांची अवधेश झा, उप मंडल प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह साझेदारी राज्य के आर्थिक विकास और कर्मचारी कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। समाचार स्रोतः एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क / मुकेश भारतीय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें