सरकारदेशफीचर्डबिग ब्रेकिंगबिहार

बिहार की सभी बंद पड़ी चीनी मिलों को जल्द चालू करने का आदेश

बंद पड़ी बिहार की सभी चीनी मिलों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तुरंत शुरू करने के दिए निर्देश। गन्ना किसानों को मिलेगा लाभ, रोजगार बढ़ेगा।

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। बिहार में वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि राज्य की सभी बंद चीनी मिलों को जल्द से जल्द चालू किया जाए, ताकि किसानों को सीधा लाभ मिले और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

शुक्रवार को सात निश्चय पार्ट-3 के तहत ‘समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार’ योजना की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम चंपारण के चनपटिया, पूर्वी चंपारण के बाराचकिया और मोतिहारी, गोपालगंज के सासामूसा, सारण के मढ़ौरा, मुजफ्फरपुर के मोतीपुर, समस्तीपुर के समस्तीपुर तथा दरभंगा के सकरी और रैयाम स्थित चीनी मिलें फिलहाल बंद हैं।

उन्होंने इसे चिंता का विषय बताते हुए कहा कि इन मिलों के पुनरुद्धार से गन्ना किसानों की आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि गोपालगंज जिले की सासामूसा चीनी मिल को जल्द ही शुरू किया जा रहा है, जो इस दिशा में एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सात निश्चय पार्ट-3 के तहत तय लक्ष्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही बिहार को देश के पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए ठोस एक्शन प्लान के साथ चरणबद्ध ढंग से काम करने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक एक अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में आयोजित की गई, जिसमें उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने बताया कि सासामूसा चीनी मिल को पुनः चालू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका संचालन शुरू होगा।

समीक्षा बैठक में ये रहे मौजूद: मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल, सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी।

समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स

मुकेश भारतीय

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button