प्रखंड प्रमुख से 50 हजार की रिश्वत लेते पटना निगरानी के हत्थे चढ़ा गया बीडीओ

पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने गया टाउन प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए टाउन बीडीओ राकेश कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।यह कार्रवाई टाउन ब्लॉक परिसर स्थित प्रखंड प्रमुख के चैंबर में उस समय की गई, जब बीडीओ रिश्वत की पहली किस्त स्वीकार कर रहे थे। इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

विजिलेंस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई टाउन प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में प्रमुख ने बताया था कि 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित एक स्कूल की चारदीवारी निर्माण योजना को पास कराने के एवज में बीडीओ राकेश कुमार द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। सौदे के तहत सोमवार को 50 हजार रुपये की पहली किस्त देने की बात तय हुई थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस की एक विशेष टीम का गठन कर पूरी योजना बनाई गई।

सोमवार की शाम करीब पांच से छह बजे के बीच जैसे ही प्रखंड प्रमुख के चैंबर में रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, पहले से तैनात निगरानी टीम ने तत्परता दिखाते हुए बीडीओ राकेश कुमार को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजिलेंस की टीम ने ब्लॉक परिसर स्थित बीडीओ के सरकारी आवास पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की सूचना है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। फिलहाल निगरानी विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और बरामद दस्तावेजों व सामग्रियों की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में चर्चा का माहौल गर्म है। लोगों का कहना है कि विकास योजनाओं में रिश्वतखोरी एक गंभीर समस्या बन चुकी है और इस तरह की सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। वहीं विजिलेंस विभाग ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

स्रोतः मीडिया रिपोर्टस्

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

संबंधित खबरें

सर्वजन खबरें